भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली। आईटी और फार्मा शेयरों में खरीदारी के दम पर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। कारोबार के अंत में निफ्टी 23,000 के अहम स्तर को पार कर गया, जबकि सेंसेक्स में 308 अंकों से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली के कारण बाजार की तेजी सीमित रही।
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत उछलकर 74,459.53 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 23,053.10 के महत्वपूर्ण स्तर के पार क्लोज हुआ। हालांकि, दिग्गज हैवीवेट शेयरों में तेजी के बावजूद ब्रॉडर मार्केट में बिकवाली का दबाव रहा। बाजार में कुल 1,311 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,862 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 170 शेयर बिना बदलाव के बंद हुए।
आईटी और फार्मा सेक्टर्स में तूफानी तेजी
सेक्टोरल प्रदर्शन पर नजर डालें तो आईटी और फार्मा सेक्टर्स ने बाजार की रैली को आगे बढ़ाया, जबकि ब्रॉडर मार्केट के स्मॉलकैप और मिडकैप इंडेक्स पिछड़ गए। आईटी शेयरों में चौतरफा लिवाली के चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.32% की जोरदार तेजी के साथ 32,606.90 पर बंद हुआ। फार्मा सेक्टर्स में भी 1.55% की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (-1.78%), पीएसयू बैंक (-0.93%), मीडिया (-1.46%) और एनर्जी सेक्टर्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। ऑटो (-0.87%), निफ्टी बैंक (-0.41%), एफएमसीजी (-0.62%), मेटल (-0.54%) और रियल्टी (-0.72%) भी लाल निशान में बंद हुए।
ट्रेंट, इंडिगो और इंफोसिस चमके
निफ्टी 50 के शेयरों में आज चुनिंदा दिग्गजों का प्रदर्शन काफी शानदार रहा। ट्रेंट 5.44% की तूफानी तेजी के साथ ₹3,017.30 पर बंद हुआ। इंटरग्लोब एविएशन 4.33% चढ़कर ₹4,877.60 पर पहुंच गया। इसके साथ ही इंफोसिस (+3.36%), अपोलो हॉस्पिटल्स (+3.02%), पावरग्रिड (+1.92%), एनटीपीसी (+1.85%), एचसीएल टेक (+1.72%) और सन फार्मा भी प्रमुख टॉप गेनर्स में शामिल रहे। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस (-2.13%) सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाला शेयर रहा। इसके अलावा महिंद्रा एंड महिंद्रा (-1.72%), अदाणी पोर्ट्स (-1.18%), अल्ट्राटेक सीमेंट (-1.16%), टाटा स्टील (-1.10%), अदाणी एंटरप्राइजेस (-1.09%) और कोल इंडिया (-1.04%) में बिकवाली का दबाव हावी रहा।
यह भी पढ़ें- टाटा ग्रुप की इस कंपनी का शेयर करीब 7% उछला, कंपनी का मार्केट कैप एक झटके में ₹9,089 करोड़ बढ़ा