1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सरकार का रेमडेसिविर का उत्पादन दोगुना करने को मंजूरी, कंपनियों ने बढ़ाया उत्पादन

सरकार का रेमडेसिविर का उत्पादन दोगुना करने को मंजूरी, कंपनियों ने बढ़ाया उत्पादन

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 14, 2021 09:28 pm IST,  Updated : Apr 14, 2021 09:28 pm IST

देश में 7 कंपनियां रेमडेसिविर का उत्पादन कर रही हैं, जिनकी क्षमता फिलहाल करीब 38.80 लाख यूनिट प्रति महीना है।’ मांग बढ़ने पर सरकार दवा का उत्पादन बढ़ाने को लेकर घरेलू विनिर्माताओं के संपर्क में है।

बढ़ेगा रेमडेसिवर का...- India TV Hindi
बढ़ेगा रेमडेसिवर का उत्पादन Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोविड-19 के इलाज में उपयोगी रेमडेसिविर दवा की किल्लत की खबरों के बीच सरकार ने जानकारी दी है कि दवा उत्पादन की क्षमता बढ़ाने को लेकर मंजूरी दे दी गई है। अब कंपनियां 78 लाख यूनिट दवा तैयार कर सकेंगी। फिलहाल देश में 7 कंपनियों के पास कुल उत्पादन क्षमता करीब 39 लाख है।  

वहीं दवा बनाने वाली कंपनियों ने कहा कि उन्होंने देश में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिये इस दवा का उत्पादन बढ़ा दिया है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने कोविड-19 संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए रविवार को रेमडेसिविर इंजेक्शन और उसके रसायन (एपीआई) के निर्यात पर स्थिति सुधरने तक रोक लगा दी है। जायडस कैडिला के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कोविड-19 संक्रमण के मामले हाल में बढ़ने से रेमडेसिविर की मांग बढ़ी है। हम फिलहाल तीन-चार संयंत्रों में इसका उत्पादन कर रहे हैं। मांग को पूरा करने के लिये हमने उत्पादन को 5-6 लाख यूनिट से बढ़ाकर 10-12 लाख यूनिट महीना कर दिया है। हम अब इसे बढ़ाकर 20 लाख यूनिट प्रति महीना करेंगे।’’

कंपनी के अनुसार अगले कुछ सप्ताह में आपूर्ति की स्थिति बेहतर होगी। डा. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने भी कहा कि वह भारत में ज्यादा-से-ज्यादा मरीजों तक रेमडेसिविर पहुंचाने के लिये हर संभव प्रयास कर रही है। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘‘हम उत्पादन बढ़ा रहे हैं। हम बाजार में तरल उत्पाद ला रहे हैं जिसे तेजी से बनाया और आपूर्ति की जा सकती है। हमने अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में भी 50 प्रतिशत की कमी की है ताकि कीमत इंजेक्शन के मरीजों तक पहुंच को लेकर बाधा नहीं बने।’’ बयान के अनुसार कंपनी को अगले कुछ सप्ताह में स्थिति सुधरने की उम्मीद है। दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज ने कहा कि वह बढ़ती मांग को पूरा करने के लिय सिनजेन के साथ गठजोड़ कर रेमडेसिविर उत्पादन की क्षमता बढ़ा रही है। सन फार्मा के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कंपनी पहले ही उत्पादन बढ़ा चुकी है और अभी दो संयंत्रों में रेमडेसिविर का उत्पादन कर रही है। उत्पादन बढ़ाने के इरादे से एक और संयंत्र में इसके उत्पादन का निर्णय किया। हम लगातार स्थिति पर नजर रख रहे हैं और कोविड-19 के इलाज में उपयोगी दवा की पहुंच मरीजों तक सुनिश्चित करने के लिये अथक काम कर रहे हैं।’’

कंपनी सिनजेन के साथ भागीदारी कर भारत में रेमडेसिविर का उत्पादन और वितरण कर रही है। सिप्ला ने भी कहा कि उसे पिछले बार के संक्रमण के मुकाबले इस बार रेमडेसिविर का उत्पादन उल्लेखनीय रूप से बढ़ाया है। कंपनी के अनुसार, ‘‘हमने पिछली बार के मुकाबले उत्पादन को दोगुना किया है। दवा की अप्रत्याशित मांग को देखते हुए, हम अपने नेटवर्क के जरिये अपनी क्षमता को और बढ़ाया है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा