1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. देश की 100 अमीर महिलाओं के पास 2.72 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति, जानिए कौन है सबसे अमीर

देश की 100 अमीर महिलाओं के पास 2.72 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति, जानिए कौन है सबसे अमीर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Dec 03, 2020 10:46 pm IST,  Updated : Dec 03, 2020 10:49 pm IST

सूची में 32 महिलाएं मुंबई, 20 नयी दिल्ली और 10 हैदराबाद से हैं। सूची में शामिल महिलाओं की औसत आयु 53 साल है। 100 की सूची में 19 महिलाएं 40 साल से कम उम्र की हैं।

देश की सबसे अमीर महिला- India TV Hindi
देश की सबसे अमीर महिला Image Source : GOOGLE

नई दिल्ली। भारत की सौ सबसे अमीर महिलाओं के पास कुल 2.72 लाख करोड़ की संपत्ति है।   हुरुन इंडिया और कोटक वेल्थ द्वारा तैयार अरबपति भारतीय महिलाओं की सूची में शामिल ये सभी महिलाएं कम से कम सौ करोड़ रुपये की संपत्ति की मालकिन है। वहीं इनमे से 31 महिलाएं ऐसी हैं जिन्होने अपने दम पर ये मुकाम हासिल किया है। इनमें से छह पेशेवर प्रबंधक और 25 उद्यमी हैं। इन सभी 100 अमीर महिलाओं की कुल संपदा 2.72 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। जानिए कौन है लिस्ट में सबसे ऊपर

कौन है देश की सबसे अमीर महिला

सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज की रोशनी नडार मल्होत्रा देश की सबसे अमीर महिला हैं। उनकी कुल संपत्ति 54,850 करोड़ रुपये है। हुरुन इंडिया और कोटक वेल्थ द्वारा तैयार अरबपति भारतीय महिलाओं की सूची में 36,600 करोड़ रुपये की संपदा के साथ बायोकॉन की किरण मजूमदार-शॉ दूसरे स्थान पर हैं। हालांकि अपने दम पर ये मुकाम हासिल करने वाली महिलाओं में किरण मजूमदार-शॉ सबसे ऊपर हैं। उनके बाद 11,590 करोड़ रुपये की संपदा के साथ जोहो की राधा वेंबु का स्थान है। अरिस्ता नेटवर्क्स की जयश्री उल्लाल 10,220 करोड़ रुपये की संपदा के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

किस सेक्टर की महिलाओं का है दबदबा

विभिन्न क्षेत्रों की बात की जाए, तो फार्मा क्षेत्र से 13, कपड़ा और परिधान क्षेत्र से 12 और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र से नौ महिलाएं इस सूची में जगह बनाने में कामयाब रही हैं। सूची में 32 महिलाएं मुंबई, 20 नयी दिल्ली और 10 हैदराबाद से हैं। सूची में शामिल महिलाओं की औसत आयु 53 साल है। 100 की सूची में 19 महिलाएं 40 साल से कम उम्र की हैं। दो महिलाएं ऐसी हैं जो यूनिकॉर्न (एक अरब डॉलर मूल्य से अधिक की स्टार्टअप कंपनी) की प्रवर्तक हैं। इनमें रिटेलर नायका की फाल्गुनी नायर की संपत्तियां 5,410 करोड़ रुपये और बायजू की 34 वर्षीय दिव्या गोकुलनाथ की संपदा 3,490 करोड़ रुपये है। देश के कुछ परिवार ऐसे हैं जिनकी एक से अधिक महिलाएं अमीरों की सूची में शामिल हैं। अपोलो हास्पिटल्स एंटरप्राइज की चार और गोदरेज समूह की तीन महिलाएं सूची में शामिल हैं। इन 100 में से कुछ ही महिलाओं ने परमार्थ कार्यों के लिए योगदान देने वालों की सूची में जगह बनाई है। इनमें थर्मेक्स की अनु आगा और मेहर पद्मजी और मजूमदार शॉ के अलावा हीरो फिनकॉर्प की रेणु मुंजाल तथा यूएसवी की लीना गांधी तिवारी का नाम आता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा