शुरुआती कारोबार में आई गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार के कारोबारी सत्र के अंत में शानदार रिकवरी दर्ज की। दिन के निचले स्तरों से सुधरते हुए बाजार के दोनों मुख्य सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी तगड़ी बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए। सत्र के अंत में सेंसेक्स 400 से ज्यादा अंक उछलकर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 23,100 के पार पहुंचने में कामयाब रहा। बाजार की इस शानदार वापसी की कमान आईटी (IT), मेटल और पब्लिक सेक्टर (PSU) बैंकों के शेयरों ने संभाली।
हफ्ते के आखिरी कारोबारी सत्र में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 413.66 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 74,729.27 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 148.80 अंक या 0.65 प्रतिशत की मजबूती लेकर 23,146.15 के स्तर पर बंद हुआ। बाजार में खरीदारी का माहौल काफी मजबूत रहा, जिससे एडवांस्ड-डिक्लाइन रेशियो पॉजिटिव नजर आया। सत्र के अंत तक 2,221 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई, जबकि 1,791 शेयर लाल निशान में बंद हुए और 185 शेयरों के भाव अपरिवर्तित रहे। हालांकि, ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.12% टूटा और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग फ्लैट बंद हुआ।
IT और सेक्टोरल इंडेक्स ने भरी हुंकार
आज के कारोबार में एफएमसीजी, ऑयल एंड गैस और फार्मा सेक्टर्स को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए। निफ्टी आईटी ने आज बाजार में सबसे शानदार प्रदर्शन किया और इंडेक्स 3.87% की भारी उछाल के साथ 31,909.75 के स्तर पर पहुंचा। इसके अलावा, निफ्टी सर्विसेज में 1.45%, निफ्टी पीएसयू बैंक में 0.71%, निफ्टी इंफ्रा में 0.33% और निफ्टी एमएनसी में 0.07% की बढ़त दर्ज हुई। इसके अलावा मेटल इंडेक्स में भी 1 से 2 फीसदी का अच्छा उछाल रहा। दूसरी ओर निफ्टी एफएमसीजी (-0.57%), निफ्टी रियल्टी (-0.42%), निफ्टी एनर्जी (-0.17%), निफ्टी फार्मा (-0.15%), निफ्टी पीएसई (-0.09%) और निफ्टी बैंक (-0.08%) में हल्की सुस्ती बनी रही।
कौन से शेयर बने हीरो और किनमें रही बिकवाली?
आईटी दिग्गज आज के सत्र में खरीदारी के मुख्य केंद्र बने रहे। टेक महिंद्रा (+8.48%), टीसीएस (+4.89%), इंफोसिस (+4.61%), भारती एयरटेल (+2.75%), एचसीएल टेक (+2.37%), महिंद्रा एंड महिंद्रा (+2.07%), बजाज फाइनेंस (+1.75%), हिंडाल्को (+1.58%) और जेएसडब्ल्यू स्टील (+1.32%) निफ्टी में सबसे ज्यादा चढ़ने वाले शेयर रहे। दूसरी तरफ इंटरग्लोब एविएशन (-1.91%), बीएसई लिमिटेड (-1.90%), मैक्स हेल्थकेयर (-1.40%), टाटा कंज्यूमर (-1.27%), जियो फाइनेंशियल (-1.26%), ओएनजीसी (-1.18%) और नेस्ले इंडिया (-0.81%) में बिकवाली का माहौल देखने को मिला।
यह भी पढ़ें- अक्टूबर में महंगाई मचाएगी हाहाकार? थोक महंगाई 12% और खुदरा महंगाई 6% के पार जाने का अनुमान