नई दिल्ली। दक्षिण कोरियाई वाहन निर्माता कंपनी हुंडई की अगले तीन साल में भारत में एक अरब डालर से अधिक (लगभग 6300 करोड़ रुपये) निवेश करने की योजना है। कंपनी यह निवेश नए वाहन लाने व एक नए कार्यालय भवन की स्थापना सहित अन्य मदों में करेगी। हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड (एचएमआईएल) के प्रबंध निदेशक वाई के कू ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी की अगले साल एक इलेक्ट्रिक वाहन पेश करने की योजना है। इसके साथ ही कंपनी अपने लोकप्रिय माडल सैंट्रो को इस साल दीवाली के आसपास फिर से पेश करने की संभावना भी तलाश रही है।
Related Stories
एचएमआईएल 2018 से 2020 के बीच 9 नए वाहन पेश करेगी। कू ने कहा कि 2020 तक हमारा कुल निवेश एक अरब डालर से अधिक होगा। उन्होंने कहा कि यह निवेश उन 9 नए प्रोडक्ट्स में किया जाएगा जो कि इस साल और 2020 के दौरान पेश किए जाने हैं। इसी तरह गुरुग्राम में हमारा नया कार्यालय भवन स्थापित किया जा रहा है।

नए वाहनों के बारे में उन्होंने कहा कि दो पूरी तरह नए माडल होंगे, एक इलेक्ट्रिक वाहन होगा, दो उन्नत मॉडल होंगे जबकि चार मौजूदा वाहनों का पूरी तरह से नया रूप होगा। उन्होंने कहा कि कंपनी भारत में अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन अगले साल पेश करेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी इस वाहन के बारे में कोई फैसला नहीं किया है।