नई दिल्ली। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन को 14,200 करोड़ रुपए का टैक्स चुकाने के लिए रिमाइंडर भेजा है और साथ ही कहा है कि टैक्स न चुकाने की स्थिति में उसकी संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। ब्रिटेन की कंपनी वोडाफोन ने कहा है कि डिपार्टमेंट का यह कदम पीएम नरेंद्र मोदी के टैक्स फ्रेंडली माहौल उपलब्ध कराने के वादे के विपरीत है।
डिपार्टमेंट ने गत 4 फरवरी को वोडाफोन इंटरनेशनल होल्डिंग्स बीवी को नोटिस भेजकर 14,200 करोड़ रुपए का टैक्स जमा करने को कहा है। यह नोटिस कंपनी को 2007 में 11 अरब डॉलर में हचिसन वाम्पोआ के भारतीय टेलीकॉम कारोबार के अधिग्रहण के मामले में भेजा गया है। यह मामला फिलहाल अंतरराष्ट्रीय आर्बीट्रेशन में विचाराधीन है। वोडाफोन के प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें टैक्स डिपार्टमेंट से रिमाइंडर लैटर मिला है, जिसमें भुगतान नहीं करने पर संपत्ति जब्त करने के बारे में भी कहा गया है।
वोडाफोन ने कहा कि जिस सप्ताह प्रधानमंत्री मोदी विदेशी निवेशकों को टैक्स फ्रेंडली वातावरण उपलब्ध कराने का वादा कर रहे हैं। सरकार का टैक्स डिपार्टमेंट इस मामले में पूरी तरह अलग नजर आता है और उसमें तालमेल का अभाव है। मोदी ने शनिवार को कहा था कि हमने कराधान के मोर्चे पर कई सुधार किए हैं। हमने कहा है कि हम पिछली तारीख से कराधान पर आगे नहीं बढ़ेंगे। मैं एक बार फिर यह प्रतिबद्धता दोहराता हूं।