नई दिल्ली। रिलायंस जियो ने प्राइम मेंबरशिप की समय-सीमा खत्म होने के एक दिन पहले अपने नए प्लान की घोषणा कर दी है। रिलायंस जियो ने अपने करोड़ों यूजर्स को एक बार फिर खुश होने की वजह दे दी है। सभी जियो प्राइम मेंबर्स, जिनके पास 31 मार्च 2018 तक के लिए एक्सक्लूसिव मेंबरशिप बेनेफिट थे, उन्हें अब बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अगले एक साल तक और प्राइम बेनेफिट मिलते रहेंगे। कंपनी ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है।
Related Stories
कंपनी ने कहा है कि मौजूदा ग्राहकों द्वारा प्राइम मेंबरशिप के बेनेफिट हासिल करने के लिए उन्हें मायजियो एप के जरिये अगले 12 महीनों तक मुफ्त मेंबरशिप लेने के लिए अपनी अभिरुचि व्यक्त करने की आवश्यकता होगी। वर्तमान में 17.5 करोड़ जियो प्राइम मेंबर्स हैं। नए जियो यूजर्स (एक अप्रैल 2018 और इसके बाद) के लिए जियो प्राइम मेंबरशिप 99 रुपए के वार्षिक शुल्क पर उपलब्ध होगी।
जियो ने अपने बयान में कहा है कि नए सब्सक्राइबर्स के लिए जियो प्राइम मेंबरशिप की निरंतर उपलब्धता भारतीयों को एक अलग तरह के डिजिटल जीवन अनुभव उपलब्ध कराने की जियो की प्रतिबद्धता को दोहराता है और यह कदम इसे दुनिया का सबसे बड़ा लॉयल्टी कार्यक्रम बनाएगा।