हरिद्वार। पतंजलि आयुर्वेद ने कहा कि उसके उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता से अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वी कंपनियों में बेचैनी बढ़ गई है और वे झूठा प्रचार करके कंपनी को बदनाम करना चाहती हैं। पतंजलि ने मंगलवार को जारी एक बयान में यह बात कही।
Related Stories
कंपनी ने अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा पतंजलि के शरबत में कुछ गड़बड़ी पाए जाने संबंधी खबरों को अपने विदेशी प्रतिद्वंद्वियों की साजिश बताया। पतंजलि ने कहा कि पतंजलि भारत का अपना ब्रांड है और उसने अपने उत्पादों की गुणवत्ता तथा न्यूनतम दामों के जरिये लोगों में विश्वसनीयता हासिल की है।
पतंजलि ने बयान में कहा कि पतंजलि की ब्रांड छवि, उसकी स्वीकार्यता और गुणवत्ता कई विदेशी और राष्ट्रविरोधी कंपनियों में बेचैनी का कारण बन गई है और वे बिना किसी आधार या ठोस सबूत के पतंजलि को बदनाम करते रहते हैं।
पतंजलि के शरबत के बारे में हाल में प्रिंट मीडिया तथा सोशल मीडिया में अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन के हवाले से चल रही खबरों को कंपनी ने राष्ट्रविरोधी ताकतों की साजिश बताया। पतंजलि आयुर्वेद ने कहा कि यह तथ्यों की गलत प्रस्तुति है और इसका एकमात्र मकसद पतंजलि आयुर्वेद की छवि को बदनाम करना और इसके उपभोक्ताओं को गुमराह करना है।