1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पेट्रोल-डीजल की महंगाई से अभी राहत नहीं, 3 रुपये लीटर तक बढ़ेंगे दाम

पेट्रोल-डीजल की महंगाई से अभी राहत नहीं, 3 रुपये लीटर तक बढ़ेंगे दाम

 Reported By: IANS
 Published : May 26, 2019 07:20 pm IST,  Updated : May 26, 2019 07:22 pm IST

पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को लगातार चौथे दिन वृद्धि का सिलसिला जारी रहा और जानकारों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में पिछले दिनों रही तेजी के चलते देश की तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में आगे तीन रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि कर सकती हैं।

petrol- India TV Hindi
पेट्रोल-डीजल की महंगाई से अभी राहत नहीं Image Source : SOCIAL MEDIA

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की महंगाई से जल्द कोई राहत मिलने की गुंजाइश नहीं दिखती है। लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान संपन्न होने के बाद से देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 64 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है और डीजल के दाम में 68 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हो चुका है।

पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को लगातार चौथे दिन वृद्धि का सिलसिला जारी रहा और जानकारों के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में पिछले दिनों रही तेजी के चलते देश की तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम में आगे तीन रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि कर सकती हैं।

एंजेल ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसिडेंट (इनर्जी व करेंसी रिसर्च) अनुज गुप्ता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में तेजी के बावजूद लोकसभा चुनाव के दौरान तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम पर नियंत्रण बनाए रखा, जिसके बाद उनको अपने घाटे को पाटने के लिए कीमतें बढ़ाने के अलावा दूसरा कोई उपाय नहीं होगा। 

गुप्ता ने इससे पहले आईएएनएस से बातचीत में कहा था कि चुनाव समाप्त होने पर पेट्रोल और डीजल के दाम में 3-4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि अभी एक रुपया लीटर भी दाम नहीं बढ़ा है, लिहाजा यह वृद्धि का सिलसिला आगे जारी रहेगा। 

अंतर्राष्ट्रीय बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज पर पिछले सप्ताह शुक्रवार को ब्रेंट क्रूड का अगस्त डिलीवरी अनुबंध 1.37 फीसदी की तेजी के साथ 68.69 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जबकि विगत 15 दिनों के दौरान ब्रेंट क्रूड का भाव 70 डॉलर से ऊपर ही बना रहा। 

तेल विपणन कंपनियों ने रविवार को दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम 14 पैसे जबकि कोलकाता में 13 पैसे प्रति लीटर बढ़ा दिए। डीजल के दाम में दिल्ली, कोलकाता और मुंबई में सात पैसे जबकि चेन्नई में आठ पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ है।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, रविवार को दिल्ली, कोलकता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल के दाम बढ़कर क्रमश: 71.67 रुपये, 73.73 रुपये, 77.28 रुपये और 74.39 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। डीजल के दाम भी चारों महानगरों में बढ़कर क्रमश: 66.64 रुपये, 68.40 रुपये, 69.83 रुपये और 70.45 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा