1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंची पेट्रोल-डीजल की कीमत, 12वें दिन लगातार बढ़े ईंधन के दाम

रिकॉर्ड स्‍तर पर पहुंची पेट्रोल-डीजल की कीमत, 12वें दिन लगातार बढ़े ईंधन के दाम

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 18, 2020 07:37 am IST,  Updated : Jun 18, 2020 12:38 pm IST

बारह दिनों में पेट्रोल के दामों में 6.55 रुपए प्रति लीटर और डीजल की दर में 7.04 रुपए लीटर की कुल वृद्धि हुई है।

Petrol price hiked by 53 paise per litre, diesel by 64 paise- India TV Hindi
Petrol price hiked by 53 paise per litre, diesel by 64 paise Image Source : GOOGLE

नई दिल्‍ली। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार को पेट्रोल के दाम में 53 पैसे प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 64 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की है। यह लगातार 12वां दिन है, जब तेल कंपनियों ने लागत के हिसाब से पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्‍य में संशोधन किया है। इससे पहले तेल कंपनियों ने बुधवार को पेट्रोल के दाम में 55 पैसे प्रति लीटर, जबकि डीजल के भाव में 60 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।

तेल कंपनियों की अधिसूचना के मुताबिक गुरुवार को दिल्‍ली में पेट्रोल का मूल्‍य 77.28 रुपए से बढ़कर अब 77.81 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं डीजल का दाम 75.79 रुपए से बढ़कर अब 76.43 रुपए प्रति लीटर हो गया है। कीमत में यह बढ़ोतरी देशभर में की गई हैं लेकिन प्रत्येक राज्य में वैट (मूल्य वर्धित कर) अथवा स्थानीय बिक्री कर के आधार पर इनके दामों में अंतर हो सकते हैं। तेल कंपनियां जून 2017 के बाद से दैनिक आधार पर कीमतों की समीक्षा कर रही हैं।

तेल विपणन कंपनियों ने गुरुवार को दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमतों में क्रमश: 53 पैसे, 51 पैसे, 51 पैसे और 46 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की। वहीं, डीजल के दाम में चारों महानगरों में क्रमश: 64 पैसे, 58 पैसे, 61 पैसे और 54 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई।


इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल की कीमत बढ़कर क्रमश: 77.81 रुपए, 79.59 रुपए, 84.86 रुपए और 81.32 रुपए प्रति लीटर हो गई। डीजल का दाम भी चारों महानगरों में बढ़कर क्रमश: 76.43 रुपए, 71.96 रुपए, 74.93 रुपए ओैर 74.23 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

कंपनियों ने कीमतों की समीक्षा 82 दिनों तक स्थगित रखने के बाद सात जून से दाम में लागत के हिसाब से फेर-बदल शुरू किया था। उसके बाद से यह लगातार 12वां दिन है, जब ईंधन के दाम बढ़े हैं। बारह दिनों में पेट्रोल के दामों में 6.55 रुपए प्रति लीटर और डीजल की दर में 7.04 रुपए  लीटर की कुल वृद्धि हुई है।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोरोना वायरस महामारी के कारण कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट का लाभ उठाने और अतिरिक्त संसाधन जुटाने के इरादे से सरकार ने 14 मार्च को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। उसके बाद तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने कीमतों की दैनिक समीक्षा रोक दी थी। उसके बाद सरकार ने फिर पांच मई को पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क 10 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 13 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए। इस दो बार की वृद्धि से सरकार को 2 लाख करोड़ रुपए के अतिरिक्त कर राजस्व प्राप्त हुआ।

तेल कंपनियों ने हालांकि, उत्पाद शुल्क में बढ़ोतरी का भार ग्राहकों पर नहीं डाला, बल्कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के साथ उसे समायोजित कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में अत्यधिक उतार-चढ़ाव के कारण तेल कीमतों की दैनिक समीक्षा को रोक दिया गया था। अब जबकि बाजार में कुछ हद तक स्थिरता दिखने लगी है दैनिक मूल्य समीक्षा शुरू कर दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा