1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. प्रधानमंत्री ने किसानों के उत्थान के लिए IFFCO के प्रयासों को सराहा, किसानों की आय दोगुनी करने में मदद मिलने की कही बात

प्रधानमंत्री ने किसानों के उत्थान के लिए IFFCO के प्रयासों को सराहा, किसानों की आय दोगुनी करने में मदद मिलने की कही बात

 Written By: Manish Mishra
 Published : Oct 22, 2017 12:34 pm IST,  Updated : Oct 22, 2017 06:29 pm IST

इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड की स्वर्ण जयंती पर मोदी ने कहा कि किसानों और सहकारी संस्थाओं के उत्थान में IFFCO का योगदान सराहनीय है।

प्रधानमंत्री ने किसानों के उत्थान के लिए IFFCO के प्रयासों को सराहा, किसानों की आय दोगुनी करने में मदद मिलने की कही बात- India TV Hindi
प्रधानमंत्री ने किसानों के उत्थान के लिए IFFCO के प्रयासों को सराहा, किसानों की आय दोगुनी करने में मदद मिलने की कही बात

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की विशाल सहकारी समिति इफको (IFFCO) द्वारा किसान समुदाय को उर्वरकों के उचित प्रयोग, उपयुक्त उन्नत तकनीकों के चयन और नकदी रहित लेन-देन के प्रशिक्षण के लिए किए जा रहे उपायों से वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने में मदद मिलेगी। इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर को-ऑपरेटिव लिमिटेड (IFFCO) की स्वर्ण जयंती पर मोदी ने एक संदेश में कहा कि किसानों और सहकारी संस्थाओं के उत्थान में IFFCO का योगदान सराहनीय है। प्रधानमंत्री ने IFFCO के प्रबंध निदेशक यू एस अवस्थी को लिखे पत्र में कहा है कि समिति ने यूरिया की कालाबाजारी को रोकने के लिए सरकार द्वारा शुरू किए गए नीम लेपित यूरिया कार्यक्रम को लागू करने में भी एक महवपूर्ण भूमिका निभाई है।

यह भी पढ़ें : आधार ने की मोदी सरकार को 9 अरब डॉलर बचाने में मदद, धोखाधड़ी हुई पूरी तरह से खत्‍म

प्रधानमंत्री मोदी ने देशभर में किसानों और सहकारी समिति के सदस्यों को कृषि क्षेत्र में डिजिटलीकरण और नकदी रहित (कैशलेस) लेन-देन तथा फसलों के लिए पोषक तत्वों के सही प्रयोग की जानकारी देने समेत कई अन्य विषयों पर किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए IFFCO द्वारा आयोजित कार्यक्रमों की प्रशंसा की। सरकार द्वारा किसानों की आय 2022 तक दोगुनी करने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि IFFCO की किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने की पहल इस लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित होगी।

यह भी पढ़ें : अब किसान भी ऑनलाइन खरीद सकेंगे उर्वरक, खाद और बीज, इफको ने शुरू किया ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म

वर्ष 1967 में मात्र 57 सहकारी समितियों के साथ स्थापित IFFCO, आज देश में 36,000 से अधिक सहकारी समितियों का एक विशाल महासंघ है। यह इस समय 125 जगहों पर किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस सहकारी उपक्रम ने पिछले वित्‍त वर्ष में 22500 करोड़ रुपए का कारोबार किया। इसने इस दौरान 85 लाख टन उर्वरकों का उत्पादन और 110 लाख टन उर्वरकों की बिक्री की। इसके देश में पांच और दूसरे देशों में तीन कारखाने हैं।

IFFCO साधारण बीमा, ग्रामीण दूरसंचार और ग्रामीण खुदरा कारोबार भी करती है। अवस्थी ने उर्वरक क्षेत्र में इस माह 50वां वर्ष पूरा किया। वह पिछले करीब 25 वर्ष से IFFCO में हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा