1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. RBI ने बढ़ाया RTGS का समय, अब आप शाम छह बजे तक भी भेज सकते हैं पैसा

RBI ने बढ़ाया RTGS का समय, अब आप शाम छह बजे तक भी भेज सकते हैं पैसा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : May 29, 2019 11:37 am IST,  Updated : May 29, 2019 11:37 am IST

आरटीजीएस का उपयोग मुख्यत: बड़ी राशि के हस्तांतरण के लिए होता है। इसके तहत न्यूनतम 2 लाख रुपए भेजे जा सकते हैं और अधिकतम राशि भेजने की कोई सीमा नहीं है।

RBI extends RTGS timing till 1800 hrs- India TV Hindi
RBI extends RTGS timing till 1800 hrs Image Source : RBI EXTENDS RTGS TIMING

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने आम आदमी को राहत देते हुए आरटीजीएस के जरिये पैसे भेजने का समय डेढ घंटे बढ़ाकर शाम 6 बजे तक कर दिया है। यह व्यवस्था एक जून से प्रभावी होगी।  

फिलहाल आरटीजीएस के जरिए शाम साढे़ चार बजे तक ही धन अंतरण की सुविधा है। रियल टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (आरटीजीएस) व्यवस्था के तहत, पूंजी हस्तांतरण का काम तुरंत होता है। 

आरटीजीएस का उपयोग मुख्यत: बड़ी राशि के हस्तांतरण के लिए होता है। इसके तहत न्यूनतम 2 लाख रुपए भेजे जा सकते हैं और अधिकतम राशि भेजने की कोई सीमा नहीं है। आरबीआई ने अधिसूचना में कहा है कि उसने आरटीजीएस में ग्राहक लेनदेन के लिए समय को शाम साढ़े चार बजे से बढ़ाकर 6 बजे करने का फैसला किया है।

आरटीजीएस के तहत यह सुविधा एक जून से मिलेगी। आरटीजीएस के अलावा, पैसे एक खाते से दूसरे खाते में भेजने का एक अन्य लोकप्रिय माध्यम नेशनल इलेक्ट्रॉनिक फंड ट्रांसफर (एनईएफटी) है। इसमें हस्तांतरण के लिए न्यूनतम और अधिकतम पैसे की कोई सीमा नहीं है। 

हालांकि, एनईएफटी घंटे के बैच में ऑपरेट होता है। वर्तमान में भारत के सबसे बड़ा बैंक एसबीआई सप्‍ताह के दौरान सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक 12 सेटलमेंट उपलब्‍ध कराता है। इसके अलावा शनिवार को बैंक सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक पांच सेटलमेंट उपलब्‍ध कराता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा