1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. टावर कारोबार बेचने के लिए कई पक्षों के साथ बातचीत के दौर में : RCOM

टावर कारोबार बेचने के लिए कई पक्षों के साथ बातचीत के दौर में : RCOM

 Written By: Manoj Kumar @kumarman145
 Published : Nov 07, 2017 11:44 am IST,  Updated : Nov 07, 2017 11:44 am IST

RCOM ने कहा कि कंपनी अपने टावर कारोबार को बेचने के लिए फिर से रुचि रखने वाले सभी पक्षों के साथ बातचीत कर रही है

टावर कारोबार बेचने के लिए कई पक्षों के साथ बातचीत के दौर में : RCOM- India TV Hindi
टावर कारोबार बेचने के लिए कई पक्षों के साथ बातचीत के दौर में : RCOM

नई दिल्ली। भारी कर्ज के बोझ तले दबी अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) अपने टावर कारोबार को बेचने के लिए रुचि रखने वाले सभी पक्षों से बातचीत के दौर में है। कंपनी ने आज बताया कि इनमें ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रुप भी शामिल है। पिछले साल दिसंबर में आरकॉम ने अपने टावर कारोबार में 51% हिस्सेदारी कनाडा की ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर को बेचने का बाध्यकारी समझौता किया था।

ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ उसके सांस्थानिक साझेदारों को हिस्सेदारी बेचने का यह सौदा 11,000 करोड़ रुपये का था लेकिन RCOM का एयरसेल के साथ विलय समझौता रद्द होने के बाद यह सौदा भी टूट गया। बंबई शेयर बाजार को दी जानकारी में RCOM ने कहा, ‘‘ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रुप के साथ होने वाले सौदे में पूर्वशर्त थी कि कंपनी अपने वायरलैस कारोबार का विलय एयरसेल के साथ करेगी। लेकिन आपसी सहमति से एयरसेल के साथ यह सौदा एक अक्तूबर 2017 को टूट गया।’’

RCOM ने कहा कि उपरोक्त स्थिति में कंपनी अपने टावर कारोबार को बेचने के लिए फिर से रुचि रखने वाले सभी पक्षों के साथ बातचीत कर रही है और इसमें ब्रुकफील्ड इंफ्रास्ट्रक्चर ग्रुप भी शामिल है। कंपनी ने सोमवार को ही घोषणा की है कि अपने केबल टेलिविजन कारोबार को बेचने के लिए उसने वीकॉन मीडिया के साथ करार किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा