नई दिल्ली। रिलायंस की 41वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) में ब्रॉडबैंड सेवा की घोषणा की गई है, मुकेश अंबानी की पुत्री ईशा अंबानी Jio Giga Fiber नाम से ब्रॉडबैंड सेवा लॉन्च की है जिसकी मदद से ग्राहक 600 टीवी चैनलों का मजा ले सकते हैं, इसकी मदद से बहुत सस्ती दर पर ब्रॉडबैंड कनेक्शन मिलेगा। Jio Giga Fiber के अलावा कंपनी ने JioPhone-2 भी लॉन्च किया है। पिछले साल AGM में ही मुकेश अंबानी ने प्रभावी रूप से मुफ्त कीमत वाले जियो फोन की घोषणा की थी।
मुकेश अंबानी और ईशा अंबानी की तरफ से की गई घोषणाओं के मुताबिक अब जियो फोन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक अपने फोन पर WhatsApp, Youtube और Facebook का मजा ले सकते हैं। कंपनी ने Jio Giga TV सेटटॉप बॉक्स भी लॉन्च किया है। मुकेश अंबानी के बड़े बेटे आकाश अंबानी के मुताबिक Jio Giga TV की मदद से देश में टेलिविजन देखने का नजरिया बदलेगा।
रिलायंस AGM के दौरान अपने भाषण में मुकेश अंबानी ने कहा की Jio Giga Fiber के लिए 15 अगस्त से पंजीकरण शुरू होगा और 15 अगस्त से ही JioPhone -2 भी 2999 रुपए में मिलेगा। मुकेश अंबानी ने ये भी कहा कि 21 जुलाई से ग्राहक 500 रुपए के साथ अपना कोई भी पुराना फोन देकर उसे Jiophone से बदल सकते हैं। हालांकि यह स्कीम पहले लॉन्च हुए Jiophone तक ही है, नए Jiophone-2 के साथ यह ऑफर नहीं है।