1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. फेसबुक से रिलायंस जियो को मिले 43574 करोड़ रुपए, अप्रैल में 9.99% हिस्सेदारी के लिए हुई थी डील

फेसबुक से रिलायंस जियो को मिले 43574 करोड़ रुपए, अप्रैल में 9.99% हिस्सेदारी के लिए हुई थी डील

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 07, 2020 10:32 pm IST,  Updated : Jul 07, 2020 10:51 pm IST

फेसबुक की सब्सिडियरी कंपनी Jaadhu Holdings की Jio में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी

Jio receives Rs 43574 crore from facebook - India TV Hindi
Jio receives Rs 43574 crore from facebook  Image Source : FILE

नई दिल्ली। रिलायंस जियो में फेसबुक के द्वारा हिस्सा खरीद की डील आज पूरी हो गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आज जानकारी दी है कि डील को सभी जरूरी मंजूरी मिलने के बाद आज Jio Platforms को फेसबुक की सब्सिडियरी कंपनी Jaadhu Holdings से 43574 करोड़ रुपये मिल गए हैं। साथ ही Jio ने Jaadhu Holdings को समझौते के अनुसार शेयर भी जारी कर दिए हैं। सौदा पूरा होने के साथ अब Jaadhu Holdings के पास Jio में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी हो गई है।  

पिछले हफ्ते ही भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने फेसबुक को जियो प्लेटफॉर्म्स में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दे दी थी। वहीं पिछले हफ्ते ही Intel Capital ने 1894.5 करोड़ रुपये के निवेश से jio Platforms में 0.39 फीसदी हिस्सेदारी लेने का ऐलान किया था। कंपनी टेक कंपनी Intel की इकाई है।  जियो में अप्रैल से शुरू हुई हिस्सा खरीद की कतार में फिलहाल अब तक 11 निवेशक शामिल हो चुके हैं। इस दौरान जियो को निवेशकों की तरफ से 1.15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश मिल चुका है।

जियो प्लेटफार्म्स में निवेश का सिलसिला 22 अप्रैल से शुरू हुआ था ।सबसे पहले फेसबुक ने 22 अप्रैल को जियो प्लेटफार्म्स में 43,574 करोड़ रुपये में 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इस सौदे के कुछ दिनों बाद दुनिया की सबसे बड़ी तकनीकी निवेशक कंपनी सिल्वर लेक ने जियो प्लेटफार्म्स में 5,665.75 करोड़ रुपये में 1.15 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। इसके बाद अमेरिका स्थित विस्टा इक्विटी पार्टनर्स ने आठ मई को जियो प्लेटफार्म्स में 11,367 करोड़ रुपये में 2.32 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। वैश्विक इक्विटी फर्म जनरल अटलांटिक ने 17 मई को कंपनी में 6,598.38 करोड़ रुपये में 1.34 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की। इसके बाद अमेरिकी इक्विटी निवेशक केकेआर ने 11,367 करोड़ रुपये में 2.32 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। पांच जून को अबु धाबी के सावरेन संपत्ति कोष मुबाडला और निजी निवेश कंपनी सिल्वर लेक ने भी निवेश किया था। मुबाडला ने जियो प्लेटफॉर्म्स की 1.85 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिये 9,093.60 करोड़ रुपये का निवेश किया, जबकि सिल्वरलेक ने जियो प्लेटफॉर्म्स में 0.93 प्रतिशत अतिरिक्त हिस्सेदारी के लिये 4,546.80 करोड़ रुपये का और नया निवेश किया। इससे जियो प्लेटफॉर्म्स में सिल्वर लेक द्वारा कुल निवेश 10,202.55 करोड़ रुपये और कुल हिस्सेदारी 2.08 प्रतिशत हो गयी। अबु धाबी निवेश प्राधिकरण (एआईडीए) ने भी जियो प्लेटफॉर्म्स में 1.16 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए 5,683.50 करोड़ रुपये का निवेश किया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा