Tuesday, March 17, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मिल सकती है पेट्रोल और डीजल कीमतों में राहत, क्रूड में नरमी का रुख

मिल सकती है पेट्रोल और डीजल कीमतों में राहत, क्रूड में नरमी का रुख

Edited by: India TV Paisa Desk Published : Sep 06, 2020 06:02 pm IST, Updated : Sep 06, 2020 06:05 pm IST

बीते सप्ताह बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के दाम में करीब ढाई डॉलर प्रति बैरल की गिरावट दर्ज की गई। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने शनिवार को दिल्ली, कोलकाता में शनिवार को डीजल के दाम में 13 पैसे प्रति लीटर की कटौती की थी।

पेट्रोल और डीजल...- India TV Paisa
Photo:PTI

पेट्रोल और डीजल कीमतों में गिरावट की उम्मीद

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के दाम में रविवार को कोई बदलाव नहीं हुआ, लेकिन पिछले सप्ताह कच्चे तेल के दाम में आई नरमी से आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की महंगाई से थोड़ी राहत मिल सकती है। बीते सप्ताह बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के दाम में करीब ढाई डॉलर प्रति बैरल की गिरावट दर्ज की गई। भारत तेल की अपनी जरूरतों का अधिकांश हिस्सा आयात करता है। कच्चे तेल में नरमी से आयात सस्ता होगा जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम घट सकते हैं। तेल मार्केटिंग कंपनियों ने बीते सप्ताह डीजल के दाम में दो बार कटौती की जिससे देश की राजधानी दिल्ली में डीजल 29 पैसे प्रति लीटर सस्ता हो गया।

हालांकि एंजेल ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसीडेंट अनुज गुप्ता (एनर्जी एवं करेंसी रिसर्च) कहते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल में नरमी से बहरहाल पेट्रोल और डीजल के दाम में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के दाम में कुछ पैसों की कटौती हो सकती है, लेकिन बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं है क्योंकि दोनों ईंधनों के दाम में इस समय ज्यादा हिस्सा टैक्स का है।

देश की राजधानी दिल्ली में इस समय पेट्रोल 82.08 रुपये लीटर है जिसमें पेट्रोल का बेस प्राइस महज 26.10 रुपये प्रति लीटर है जबकि उत्पाद शुल्क 32.98 रुपये और वैट 18.94 रुपये प्रति लीटर है।

वहीं, डीजल दिल्ली में इस समय 73.27 रुपये प्रति लीटर है जिसमें उत्पाद शुल्क 31.83 रुपये प्रति लीटर है और वैट करीब 10.80 रुपये प्रति लीटर है। दिल्ली सरकार ने जुलाई के आखिर में डीजल पर वैट 30 फीसदी से घटाकर 16.75 फीसदी कर दिया था।

इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में डीजल की कीमत बिना किसी बदलाव के क्रमश: 73.27 रुपये, 76.77 रुपये, 79.81 रुपये और 78.58 रुपये प्रति लीटर पर बनी हुई है। पेट्रोल का भाव क्रमश: 82.08 रुपये, 83.57 रुपये, 88.73 रुपये और 85.04 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर बना हुआ है। तेल विपणन कंपनियों ने शनिवार को दिल्ली, कोलकाता में शनिवार को डीजल के दाम में 13 पैसे प्रति लीटर की कटौती की थी।

अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटर कांटिनेंटल एक्सचेंज (आईसीई) पर ब्रेंट क्रूड का नवंबर डिलीवरी अनुबंध शुक्रवार को पिछले सत्र के मुकाबले 3.93 फीसदी की गिरावट के साथ 42.34 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ। ब्रेंट क्रूड का भाव बीते सप्ताह जहां 45 डॉलर प्रति बैरल के करीब बंद हुआ था, लेकिन लगातार तीन सत्रों की गिरावट के चलते इस सप्ताह करीब ढाई डालर प्रति बैरल टूटकर 42 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बंद हुआ। वहीं, अमेरिकी लाइट क्रूड वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई का अक्टूबर डिलीवरी वायदा अनुबंध का पिछले सत्र के मुकाबले 4.52 फीसदी लुढ़ककर 39.50 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement