Flights cancelled today: घने कोहरे की वजह से कम हुई विजिबिलिटी के कारण सोमवार को कई फ्लाइट्स को कैंसिल करना पड़ा। आज, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुल 228 फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। इनमें 131 डिपार्चर और 97 अराइवल फ्लाइट्स शामिल थीं। इतना ही नहीं, कम विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली से आज 5 फ्लाइट्स को डायवर्ट भी कर दिया गया। बताते चलें कि अभी हाल ही में देशभर के यात्रियों ने लंबे समय तक इंडिगो संकट का सामना किया था। लेकिन, अब यात्रियों को घने कोहरे की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ये समस्या और भी ज्यादा गंभीर बन सकती है क्योंकि दिल्ली ने आज इस सीजन में पहली बार घने कोहरे का सामना किया और अभी पूरी कोर ठंड बाकी है।
यात्रियों के साथ ही एयरलाइन कंपनियों के लिए भी बड़ी चुनौती
दिल्ली में आज घने कोहरे की वजह से सैकड़ों फ्लाइट्स कैंसिल हुईं, जिसकी वजह से आज हजारों यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लेकिन, ये समस्या सिर्फ यात्रियों के लिए ही नहीं एयरलाइन कंपनियों के लिए भी उतनी ही बड़ी है। घने कोहरे की समस्या, यात्रियों और एयरलाइन कंपनियों के लिए आगे भी एक बड़ी चुनौती बनकर खड़ी हो सकती है। लिहाजा, एयरलाइन कंपनियां भी कोहरे की समस्या से निपटने के लिए अपने-अपने स्तर पर तैयारियां कर रही हैं।
कोहरे की समस्या पर DGCA की कड़ी नजर
DGCA ने कोहरे की स्थिति के लिए तैयारियों की समीक्षा की है और सभी रीजनल और सब-रीजनल ऑफिसों को निर्देश दिया है कि वे पूर्वानुमान पर नजर रखें, लगातार निगरानी बनाए रखें, और एयरलाइंस की तैयारियों की अच्छी तरह से जांच करें। अधिकारी यात्रियों को होने वाली असुविधा पर भी नजर रखेंगे और ये सुनिश्चित करेंगे कि एयरलाइन कंपनियां अपने संबंधित SOPs, CAR 3/M/IV और CAR 3/M/V और जारी किए गए किसी भी निर्देश के अनुसार संचालन में सुविधा प्रदान कर रही हैं और अपनी जिम्मेदारियों का सख्ती से पालन कर रही हैं। किसी भी तरह की गैर-अनुपालन पाए जाने पर तुरंत रिपोर्ट किया जाएगा।