अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटिश प्रधान मंत्री कीर स्टारमर ने गुरुवार को एक सीमित द्विपक्षीय ट्रेड डील की घोषणा की है। यह डील ब्रिटिश निर्यात पर ट्रंप के 10 फीसदी टैरिफ को बरकरार रखता है, दोनों देशों के लिए कृषि पहुंच का मामूली विस्तार करता है और ब्रिटिश कार निर्यात पर निषेधात्मक अमेरिकी टैरिफ को कम करता है। जनरल टर्म्स वाली यह डील दर्जनों टैरिफ-कम करने वाली डील्स में से पहली डील है। ट्रंप का कहना है कि आने वाले हफ्तों में इन सभी डील्स को पूरा कर लिया जाएगा। ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ स्थित अपने कार्यालय में कहा कि यह ट्रेड डील इस बात की पुष्टि करता है कि पारस्परिकता और निष्पक्षता अंतरराष्ट्रीय व्यापार का एक महत्वपूर्ण सिद्धांत है और अमेरिकी कृषि उत्पादों तक पहुंच को बढ़ाता है।
कितना कम हुआ टैरिफ
ट्रंप ने इस ट्रेड डील के तहत ब्रिटेन के ऑटो, स्टील और एल्युमीनियम उत्पादों पर टैरिफ कम करने और अमेरिका से ब्रिटेन को अधिक बीफ (गोमांस) खरीदे जाने पर सहमति जताई है। समझौते के तहत, ब्रिटेन का ऑटो प्रोडक्ट्स पर टैरिफ एक कोटा के तहत 27.5 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत रह जाएगा। जबकि स्टील एवं एल्युमीनियम पर आयात शुल्क 25 प्रतिशत से घटकर शून्य हो जाएगा।
अप्रैल में हुई थी हाई टैरिफ की घोषणा
यह डील साल 2020 में ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने यानी ब्रेक्जिट के बाद अमेरिका के साथ उसके व्यापार संबंधों को मजबूत करने का प्रयास है। ट्रंप ने अप्रैल की शुरुआत में ब्रिटेन समेत कई देशों पर अधिक सीमा शुल्क लगाने की घोषणा की थी जिसे कुछ दिनों बाद ही स्थगित कर दिया गया था। उसके बाद से ही अमेरिका विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौतों को तेजी से पूरा करने में लगा हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ब्रिटेन का जिक्र करते हुए कहा, “वे देश को खोल रहे हैं। यह देश थोड़ा बंद है।” ट्रंप ने कहा कि यह समझौता ब्रिटेन की सीमा शुल्क प्रक्रिया के माध्यम से अमेरिकी वस्तुओं को तेजी से आगे बढ़ाता है।