1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिल्ली में सस्ती प्रॉपर्टी, सबसे सस्ता इंटरनेट लेकिन सैलरी के मामले में सबसे पीछे- दुनिया के 69 शहरों वाली रिपोर्ट आई सामने

दिल्ली में सस्ती प्रॉपर्टी, सबसे सस्ता इंटरनेट लेकिन सैलरी के मामले में सबसे पीछे- दुनिया के 69 शहरों वाली रिपोर्ट आई सामने

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 19, 2026 11:07 am IST,  Updated : Jul 19, 2026 11:07 am IST

दिल्ली में दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध है, जहां मंथली कनेक्शन की लागत 7.3 डॉलर (लगभग 703 रुपये) है, जो सर्वे में शामिल 69 शहरों में सबसे कम है।

Deutsche Bank Mapping the World's Prices 2026 Report, delhi, delhi property, delhi salary- India TV Hindi
दिल्ली में सस्ती प्रॉपर्टी Image Source : FREEPIK

देश की राजधानी दिल्ली में प्रॉपर्टी खरीदना अपेक्षाकृत काफी किफायती है। दिल्ली में दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध है। हालांकि, विश्व के अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में यहां सैलरी काफी कम है। इतना ही नहीं, 'रोमांटिक डेट' के लिए दिल्ली, दुनिया के अलग-अलग शहरों के मुकाबले सबसे सस्ता है। डॉयचे बैंक ने रहन-सहन की लागत और जीवन स्तर को ध्यान में रखते हुए ये रिपोर्ट जारी की है।

दिल्ली में एक रोमांटिक डेट पर जाना सबसे सस्ता 

डॉयचे बैंक की 'मैपिंग द वर्ल्ड्स प्राइसेज 2026 रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में कम खर्चे पर 'रोमांटिक डेट' पर जाने की लागत 103 डॉलर (लगभग 9,920 रुपये) आती है, जबकि इस इंडेक्स में जिनेवा सबसे महंगा शहर है। जिनेवा में एक रोमांटिक डेट पर जाने के लिए 475 डॉलर (लगभग 45,750 रुपये) खर्च करने पड़ते हैं। रिपोर्ट में वाइन की एक बोतल, एक जोड़ी जींस, एक ड्रेस, दो कप कॉफी, दो लोगों का खाना, दो फिल्म टिकट, एक तरफ के दो ट्रांसपोर्ट टिकट और 5 किलोमीटर की टैक्सी के खर्च को शामिल किया गया है। 

दिल्ली में उपलब्ध है दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट

रिपोर्ट में ये भी पाया गया कि दिल्ली में दुनिया का सबसे सस्ता ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध है, जहां मंथली कनेक्शन की लागत 7.3 डॉलर (लगभग 703 रुपये) है, जो सर्वे में शामिल 69 शहरों में सबसे कम है। हालांकि, जीवन स्तर की रैंकिंग में दिल्ली टॉप 50 शहरों में जगह बनाने में नाकाम रही। इस रैंकिंग में परचेजिंग पावर, सेफ्टी, हेल्थकेयर, कॉस्ट ऑफ लीविंग, हाउसिंग प्राइस, कम्यूट टाइम, पॉल्यूशन और क्लाइमेट जैसे फैक्टर्स को शामिल किया जाता है। 

इंटरनेशनल मार्केट की तुलना में दिल्ली में प्रॉपर्टी की कीमतें अभी भी काफी कम

रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेशनल मार्केट की तुलना में दिल्ली में प्रॉपर्टी की कीमतें अभी भी कम हैं। यहां प्रॉपर्टी की एवरेज कीमत 2,465 डॉलर प्रति वर्ग मीटर (करीब 2.37 लाख रुपये) है। इस आधार पर दिल्ली दुनिया के प्रमुख शहरों की लिस्ट में 65वें स्थान पर है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अन्य प्रमुख शहरों की तुलना में पिछले दशक से दिल्ली में प्रॉपर्टी की कीमतों में डॉलर के लिहाज से 9.8 प्रतिशत गिरावट आई है।

हालांकि, देश की रियल एस्टेट कंसल्टेंसी फर्म एनारॉक द्वारा पिछले महीने जारी की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक, कैलेंडर ईयर की दूसरी तिमाही में देश 7 प्रमुख शहरों में एवरेज हाउसिंग प्राइस में सालाना आधार पर 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान, दिल्ली-एनसीआर में हाउसिंग प्राइस में सबसे ज्यादा 13 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सैलरी के मामले में 69 शहरों की लिस्ट में दिल्ली 66वें स्थान पर

रिपोर्ट के मुताबिक, मंथली सैलरी के मामले में साल 2026 में 69 शहरों की लिस्ट में दिल्ली 66वें स्थान पर रही। यहां एवरेज नेट मंथली सैलरी 538 डॉलर (करीब 51,800 रुपये) है, जो न्यूयॉर्क के सैलरी लेवल का सिर्फ 10 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में एवरेज मंथली सैलरी 2012 में 633 डॉलर, 2016 में 653 डॉलर, 2019 में 556 डॉलर, 2025 में 607 डॉलर और 2026 में 538 डॉलर रहा। सैलरी के मामले में स्विटजरलैंड का ज्यूरिख शहर टॉप पर रहा, जहां एवरेज नेट मंथली सैलरी 8,363 डॉलर (करीब 8,05,200 रुपये) है। 

1 दशक में 17.7 प्रतिशत घटी सैलरी

रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में दिल्ली में सैलरी डॉलर के लिहाज से 17.7 प्रतिशत घटी है, जबकि 2019 के बाद इसमें 3.3 प्रतिशत की गिरावट आई है। ये रिपोर्ट डॉयचे बैंक के रिसर्च इंस्टीट्यूट के जिम रीड और गैलिना पोज्डन्याकोवा ने तैयार की है और 13 जुलाई को पब्लिश की गई। 

दिल्ली में घर का किराया और पेट्रोल का खर्च कितना

रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख केंद्रों में 3 बेडरूम वाले एक घर का मासिक किराया करीब 685 डॉलर (करीब 65,970 रुपये) है। रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में पेट्रोल की कीमत भी डॉलर के लिहाज से न्यूयॉर्क के लगभग बराबर है। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 1.05 डॉलर प्रति लीटर है, जबकि न्यूयॉर्क में ये 1.08 डॉलर प्रति लीटर है। 

कई और मामलों में दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में शुमार है दिल्ली

रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले एक दशक में दिल्ली में रोजमर्रा की कई चीजों और सर्विस की कीमतों में डॉलर के लिहाज से बड़ी गिरावट आई है। जिम मेंबरशिप का मंथली कॉस्ट 38.3 प्रतिशत, जींस की कीमत 36.9 प्रतिशत और गर्मियों के कपड़े की कीमत 26.5 प्रतिशत घटी है। रिपोर्ट के अनुसार, बुनियादी सुविधाओं, सेकेंड क्लास के रेस्टॉरेंट में खाना और ब्रांडेड जींस जैसे कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स की कीमतों के लिहाज से भी दिल्ली दुनिया के सबसे सस्ते शहरों में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

HDFC Bank ने पहली तिमाही में कमाया ₹19,060 करोड़ का प्रॉफिट, ICICI Bank को ₹15,440 करोड़ का शुद्ध लाभ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा