केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को वित्तीय क्षेत्र में विनियमित संस्थाओं से साइबर सुरक्षा जोखिमों के प्रति अत्यंत सतर्क रहने का आग्रह किया। एआई कंपनी एन्थ्रोपिक के नए प्लेटफॉर्म 'माइथोस' का नाम लिए बिना सीतारमण ने कहा कि साइबर अटैक को ज्यादा तेज बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे टूल्स सिस्टम की कमजोरियों को ऑटोमैटिक तरीके से खोज सकते हैं और दुर्भावनापूर्ण सोर्स-कोड हस्तक्षेप जैसे तरीके अपनाकर पहचान से भी बच सकते हैं।
एक भी साइबर हमला आर्थिक गतिविधियों को कर सकता है बाधित
भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) के 38वें स्थापना दिवस समारोह में सीतारमण ने कहा कि किसी भी शेयर बाजार या डिपॉजिटरी पर एक भी साइबर हमला आर्थिक गतिविधियों को बाधित कर सकता है और आम लोगों के विश्वास को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि एआई आधारित नए और एडवांस्ड टूल्स के आने से ऑटोमैटिक साइबर अटैक का खतरा बढ़ा है, जिससे साइबर सुरक्षा की जरूरत और ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है।
तेजी से विकसित हो रहे हैं हमले के तरीके
वित्त मंत्री ने कहा, "सिर्फ सेबी ही नहीं, बल्कि सभी विनियमित संस्थाओं को अत्यंत सतर्क रहना होगा। हमले के तरीके तेजी से विकसित हो रहे हैं और बचाव के साधनों को उससे भी ज्यादा तेजी से विकसित करना होगा।" वित्त मंत्री ने सेबी से आग्रह किया कि वे वैश्विक नियामक संस्थाओं के साथ नियमित परामर्श की एक व्यवस्था को संस्थागत रूप दे, साथ ही ये भी स्पष्ट किया कि भारतीय नियमन को अन्य देशों की नकल नहीं करनी चाहिए।
साझा 'केवाईसी' व्यवस्था की ओर बढ़ने का आह्वान
सीतारमण ने वित्तीय प्रणाली से सभी कार्यों के लिए साझा 'केवाईसी' व्यवस्था की ओर बढ़ने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, ''ये सभी हितधारकों की साझा जिम्मेदारी है कि किसी भी नागरिक को कई वित्तीय उत्पादों और मंचों पर एक ही सत्यापन प्रक्रिया को बार-बार न दोहराना पड़े।'' उन्होंने कहा कि अपंजीकृत 'फिनइन्फ्लुएंसर्स' (वित्तीय मामलों में आम लोगों को प्रभावित करने वाले व्यक्ति) के खिलाफ सेबी की हालिया कार्रवाई को बिना लाइसेंस वाली वित्तीय सलाह पर नकेल कसने की नियामक की गंभीरता के रूप में देखा जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर फर्जी निवेश वीडियो और ऐप की बाढ़
उन्होंने कहा कि तकनीक में प्रगति के साथ सोशल मीडिया पर फर्जी निवेश वीडियो और ऐप की बाढ़ आ गई है, जिनमें से कई 'डीपफेक एआई' का उपयोग कर रहे हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि निवेशक सुरक्षा को एक ''रक्षात्मक कार्य से विकासात्मक कार्य'' में बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने नगर निगम बांड को धन जुटाने के लिए एक अधिक प्रभावी मंच बनाने के लिए गंभीर प्रयास करने पर भी जोर दिया।