1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Air India का पहला रिफर्बिश्ड विमान दिल्ली पहुंचा, बोइंग 787-8 ने कैलिफोर्निया से भरी थी उड़ान

Air India का पहला रिफर्बिश्ड विमान दिल्ली पहुंचा, बोइंग 787-8 ने कैलिफोर्निया से भरी थी उड़ान

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 13, 2026 11:50 pm IST,  Updated : Apr 13, 2026 11:50 pm IST

इस विमान में कैलिफोर्निया के विक्टरविले में बोइंग की मॉडिफिकेशन फैसिलिटी में अंदरूनी हिस्सों में बड़े पैमाने पर सुधार किए गए हैं।

Air India, Boeing 787-8- India TV Hindi
रेगुलेटरी मंजूरी और क्लीयरेंस मिलने के बाद दिल्ली पहुंचा विमान Image Source : AIR INDIA

टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया का पहला रिफर्बिश्ड चौड़ी बॉडी वाला बोइंग 787-8 विमान सोमवार रात दिल्ली पहुंच गया। एयरलाइन कंपनी ने 3 साल पहले चौड़े आकार वाले विमानों के अपने बेड़े के व्यापक नवीनीकरण के लिए 40 करोड़ डॉलर के निवेश की घोषणा की थी। टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी ने एक बयान में कहा कि VT-ANT रजिस्ट्रेशन वाला ये विमान अमेरिका के सैन बर्नार्डिनो इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नॉन-स्टॉप उड़ान भरते हुए रात करीब 10 बजे राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड हुआ। बताते चलें कि कैलिफोर्निया स्थित सैन बर्नार्डिनो इंटरनेशनल एयरपोर्ट बोइंग विमानों के रखरखाव, पेंटिंग और भंडारण के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में काम करता है।

रेगुलेटरी मंजूरी और क्लीयरेंस मिलने के बाद दिल्ली पहुंचा विमान

इस विमान में कैलिफोर्निया के विक्टरविले में बोइंग की मॉडिफिकेशन फैसिलिटी में अंदरूनी हिस्सों में बड़े पैमाने पर सुधार किए गए हैं। इसके बाद, कैलिफोर्निया में स्थित FAA Part-145 सर्टिफाइड विमान पेंटिंग यूनिट AeroPro में इसे एयर इंडिया की नई लिवरी में रंगा गया। एयरलाइन कंपनी ने बताया कि जरूरी रेगुलेटरी मंजूरी और क्लीयरेंस मिलने के बाद इस विमान ने सैन बर्नार्डिनो से दिल्ली के लिए बिना अपनी यात्रा पूरी की।

कुल 26 विमानों का नवीनीकरण कराएगी एयर इंडिया 

एयर इंडिया ने कहा कि ये उसके 26 विमानों के नवीनीकरण कार्यक्रम के तहत पहले बोइंग 787-8 विमान का व्यापक कायाकल्प पूरा होने का संकेत है। रिफर्बिश्ड विमान में एडवांस्ड सीटें, मनोरंजन की व्यवस्था और प्रीमियम इकॉनमी केबिन जोड़े गए हैं। एयरलाइन का चौड़े आकार वाला बेड़ा मुख्य रूप से बोइंग 787-8 और बोइंग 777 विमानों से बना है। इन विमानों का इस्तेमाल खासतौर पर यूरोप, अमेरिका और सुदूर-पूर्व के लंबी दूरी की यात्रों के लिए किया जाता है। एयर इंडिया ने दिसंबर, 2022 में 40 करोड़ डॉलर के निवेश से अपने 27 ड्रीमलाइनर और 13 B777 विमानों के नवीनीकरण योजना की घोषणा की थी। हालांकि, आपूर्ति श्रृंखला और भू-राजनीतिक कारणों से इस परियोजना में देरी हुई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा