1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, टोरंटो-फ्रैंकफर्ट-पेरिस के लिए बढ़ाईं एक्स्ट्रा उड़ानें

मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच एयर इंडिया का बड़ा ऐलान, टोरंटो-फ्रैंकफर्ट-पेरिस के लिए बढ़ाईं एक्स्ट्रा उड़ानें

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 04, 2026 11:03 pm IST,  Updated : Mar 04, 2026 11:03 pm IST

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी साफ दिखने लगा है। कई रूट प्रभावित होने और उड़ानों के रास्ते बदलने के बीच टाटा ग्रुप की एयरलाइन एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है।

एयर इंडिया का बड़ा...- India TV Hindi
एयर इंडिया का बड़ा ऐलान Image Source : PTI

मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर दुनिया भर की हवाई सेवाओं पर पड़ रहा है। कई उड़ानों के रूट बदले जा रहे हैं और यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे माहौल में एयर इंडिया ने यात्रियों को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। बढ़ती ट्रैवल डिमांड को देखते हुए एयरलाइन ने टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और पेरिस के लिए अतिरिक्त अंतरराष्ट्रीय उड़ानें चलाने की घोषणा की है।

दिल्ली-टोरंटो रूट पर तीन अतिरिक्त उड़ानें

एयर इंडिया ने बताया कि 5 मार्च से 11 मार्च के बीच दिल्ली और टोरंटो के बीच तीन अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी। इस रूट पर यात्रियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है, जिसे ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। इसके अलावा 7 मार्च से 10 मार्च के बीच दिल्ली-फ्रैंकफर्ट रूट पर तीन अतिरिक्त उड़ानें और दिल्ली से पेरिस (चार्ल्स डी गॉल) के लिए एक अतिरिक्त फ्लाइट भी संचालित की जाएगी।

यात्रियों को मिलेंगे ज्यादा ऑप्शन

एयर इंडिया के बयान के अनुसार, इन अतिरिक्त सेवाओं से यात्रियों को ज्यादा फ्लाइट ऑप्शन्स मिलेंगे। दिल्ली के जरिए देश के अलग-अलग शहरों और दक्षिण-पूर्व एशिया के कई गंतव्यों तक बेहतर कनेक्टिविटी भी मिलेगी। एयरलाइन ने कहा है कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर 11 मार्च के बाद भी अतिरिक्त उड़ानें बढ़ाई जा सकती हैं।

बदले गए हवाई रास्ते

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण एयर इंडिया अपनी कई लंबी दूरी की उड़ानों के रूट बदल रही है। उत्तर अमेरिका और यूरोप जाने वाली उड़ानों को ओमान, सऊदी अरब और मिस्र के हवाई क्षेत्र से होकर संचालित किया जा रहा है ताकि प्रभावित क्षेत्रों से बचा जा सके। इन बदले हुए रूट्स की वजह से उड़ानों की अवधि थोड़ी बढ़ सकती है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

राहत सेवाएं भी चलाईं

इससे पहले एयर इंडिया ने संकट में फंसे यात्रियों को वापस लाने के लिए विशेष राहत उड़ानें भी संचालित की थीं। मुंबई और दिल्ली से जेद्दा और दुबई के लिए अतिरिक्त वाइड-बॉडी विमान तैनात किए गए थे। इन उड़ानों में बोइंग 777 और बोइंग 787 जैसे बड़े विमान लगाए गए, जिनमें 250 से 350 तक सीटें होती हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा