1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पाकिस्तानी जनता पर महंगाई का एक और बोझ, बिजली के बाद गैस के दाम में किया गया इजाफा

पाकिस्तानी जनता पर महंगाई का एक और बोझ, बिजली के बाद गैस के दाम में किया गया इजाफा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 14, 2023 11:23 pm IST,  Updated : Feb 14, 2023 11:23 pm IST

पाकिस्तान इस समय आर्थिक संकट, पिछली गर्मियों में आई विनाशकारी बाढ़ और हाल ही में हिंसा बढ़ने के कारण उपजी अस्थिरता से जूझ रहा है। वर्ष 2019 के प्रोत्साहन पैकेज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 1.2 अरब डॉलर दिसंबर से रुका हुआ है।

पाकिस्तानी जनता- India TV Hindi
पाकिस्तानी जनता Image Source : PTI

नकदी संकट से जूझ रहे पाकिस्तान ने मंगलवार को प्राकृतिक गैस पर कर बढ़ा दिया। इसके बाद गैस के दाम में वृद्धि हो जाएगी। इससे औद्योगिक के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को अब अपनी जेब अधिक ढीली करनी होगी। वित्तीय प्रोत्साहन की शर्तों के तहत यह कदम उठाया गया है। सरकार के इस प्रयास का मकसद अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष की तरफ से छह अरब डॉलर के प्रोत्साहन पैकेज को पटरी पर लाना है। इसके तहत घरेलू और औद्योगिक ग्राहकों के लिये प्राकृतिक गैस पर कर की दर को 16 प्रतिशत से बढ़ाकर 112 प्रतिशत किया गया है। 

आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान 

पाकिस्तान इस समय आर्थिक संकट, पिछली गर्मियों में आई विनाशकारी बाढ़ और हाल ही में हिंसा बढ़ने के कारण उपजी अस्थिरता से जूझ रहा है। वर्ष 2019 के प्रोत्साहन पैकेज का एक महत्वपूर्ण हिस्सा 1.2 अरब डॉलर दिसंबर से रुका हुआ है। मुद्राकोष ने पाकिस्तान से और अधिक नकदी जुटाने का आग्रह किया है। विशेषज्ञों ने कहा कि प्राकृतिक गैस पर कर बढ़ने से उत्पादन लागत बढ़ेगी। इससे पहले से बढ़ी हुई महंगाई और तेज होगी। 

आईएमएफ की शर्तों के चलते बढ़ा रहा टैक्स 

पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) को संतुष्ट करने के लिए लगातार टैक्स बढ़ा रहा है। इसी के तहत कुछ दिन पहले पाकिस्तान ने बिजली उपभोक्ताओं पर नए कर लगाने की मंजूरी दे दी है। इससे सरकार को 170 अरब रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। पाकिस्तान सरकार ने एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी। इस कदम को आईएमएफ की तरफ से रखी गई शर्त के तौर पर देखा जा रहा है। राहत पैकेज के तहत 1.1 अरब डॉलर की नई किस्त जारी करने के पहले मुद्राकोष ने कुछ सख्त कदम उठाने को कहा था। नकदी संकट का सामना कर रहे पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार तीन अरब डॉलर से भी कम रह गया है। उसे आर्थिक रूप से धराशायी होने से बचने के लिए इस समय वित्तीय मदद और आईएमएफ से राहत पैकेज की बहुत ज्यादा जरूरत है।

पेट्रोल, डीजल के दाम भी बढ़ाए थे 

नकदी संकट से जूझ रही पाकिस्तान सरकार ने जनवरी में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 35-35 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि कर दी थी। इससे देश में पहले से ही महंगाई से जूझ रही जनता को और तेज झटका लगा है। केरोसिन तेल और हल्के डीजल तेल की कीमतों में भी 18-18 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई थी। इसके साथ ही पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 249.80 रुपये प्रति लीटर, हाई-स्पीड डीजल की कीमत 262.80 रुपये प्रति लीटर, मिट्टी के तेल की कीमत 189.83 रुपये प्रति लीटर और हल्के डीजल की कीमत 187 रुपये प्रति लीटर हो गई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा