1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारती एयरटेल ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक में 69.94% हिस्सेदारी एयरटेल लिमिटेड को किया ट्रांसफर

भारती एयरटेल ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक में 69.94% हिस्सेदारी एयरटेल लिमिटेड को किया ट्रांसफर

 Published : Mar 12, 2025 11:03 pm IST,  Updated : Mar 12, 2025 11:09 pm IST

भारती एयरटेल ने कहा है कि एयरटेल पेमेंट्स बैंक में शेयरधारिता का एक आंतरिक पुनर्गठन है और इसका बैंक के स्वामित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

बीएसई पर भारती एयरटेल का शेयर बुधवार को 1642.60 रुपये पर बंद हुआ।- India TV Hindi
बीएसई पर भारती एयरटेल का शेयर बुधवार को 1642.60 रुपये पर बंद हुआ। Image Source : FILE

घरेलू टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने एयरटेल पेमेंट्स बैंक में अपनी पूरी 69. 94 प्रतिशत हिस्सेदारी संपूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी कंपनी एयरटेल लिमिटेड को ट्रांसफर कर दी है। कंपनी ने एक नियामक फाइलिंग में इस बात की जानकारी दी है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, भारती एयरटेल ने फाइलिंग में कहा कि एयरटेल पेमेंट्स बैंक लिमिटेड में भारती एयरटेल लिमिटेड की 69. 94 प्रतिशत हिस्सेदारी को अपेक्षित नियामक और कॉर्पोरेट अनुमोदन हासिल करने के बाद कंपनी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी (यानी एयरटेल लिमिटेड) को हस्तांतरित किया जा रहा है।

बैंक के स्वामित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा

खबर के मुताबिक, उपरोक्त बैंक में शेयरधारिता का एक आंतरिक पुनर्गठन है और इसका बैंक के स्वामित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। फाइलिंग के मुताबिक, लेनदेन के संबंध में अपेक्षित नियामक और कॉर्पोरेट अनुमोदन कंपनी को मिल गए हैं। एयरटेल पेमेंट्स का 2023-24 में कारोबार 1,835. 8 करोड़ रुपये था। फाइलिंग में कहा गया है कि शेयरधारिता का ट्रांसफर संबंधित पार्टी लेनदेन के दायरे में आता है।

भारती एयरटेल का शेयर आज

बुधवार को शेयर बाजार खुलने के बाद बीएसई पर भारती एयरटेल का शेयर 3.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,717.25 रुपये के उच्चतम स्तर पर खुला। जल्द ही, इसने सारी बढ़त खो दी और 1.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,640 रुपये पर कारोबार किया। आखिर में 1.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1642.60 रुपये पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर यह 0.77 प्रतिशत गिरकर 1,650.10 रुपये पर आ गया। सत्र के दौरान, यह 3.23 प्रतिशत बढ़कर 1,716 रुपये पर पहुंच गया।

स्पेसएक्स के साथ साझेदारी

भारती एयरटेल ने भारत में अपने ग्राहकों को स्टारलिंक की उच्च गति वाली इंटरनेट सेवाएं प्रदान करने के लिए अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की उपग्रह कंपनी स्पेसएक्स के साथ साझेदारी की है। एयरटेल ने कहा है कि यह समझौता स्पेसएक्स को भारत में स्टारलिंक की उपग्रह संचार-आधारित सेवाओं को बेचने के लिए मंजूरी हासिल करने के अधीन है। यह समझौता एयरटेल और स्पेसएक्स को यह पता लगाने में सक्षम बनाएगा कि स्टारलिंक एयरटेल की पेशकश को किस तरह पूरक बनाने के साथ विस्तारित कर सकती है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा