1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. फिल्म सिटी के लिए बोनी कपूर और YEIDA में करार, 1510 करोड़ होंगे निवेश, पैदा होंगी 10,000 नौकरियां

फिल्म सिटी के लिए बोनी कपूर और YEIDA में करार, 1510 करोड़ होंगे निवेश, पैदा होंगी 10,000 नौकरियां

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Jun 27, 2024 06:16 pm IST,  Updated : Jun 27, 2024 06:16 pm IST

फिल्म सिटी का निर्माण नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे यीडा के सेक्टर-21 में सार्वजनिक-निजी भागीदारी में 1,000 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। पहले चरण में करीब 230 एकड़ भूमि पर काम होगा।

नोएडा में फिल्म सिटी- India TV Hindi
नोएडा में फिल्म सिटी Image Source : FILE

फिल्म सिटी के निर्माण के लिए फिल्म निर्माता बोनी कपूर की कंपनी बेव्यू प्रोजेक्ट्स और यमुना प्राधिकरण ने एक समझौते पर गुरुवार को हस्ताक्षर किए हैं। फिल्म सिटी का निर्माण कम से कम 1,510 करोड़ रुपये के निवेश से किया जा रहा है और इससे 10 हजार नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। बेव्यू प्रोजेक्ट्स ने 31 जनवरी को उत्तर प्रदेश सरकार को 18 प्रतिशत राजस्व हिस्सेदारी की पेशकश के साथ बोली जीती थी। समझौते पर बोनी कपूर और भूटानी समूह के आशीष भूटानी ने हस्ताक्षर किए।

देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के पास होगी यह फिल्म सिटी

ग्रेटर नोएडा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अरुण वीर सिंह और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेंद्र भाटिया की उपस्थिति में अथॉरिटी के ऑफिस में हस्ताक्षर किए गए। भूटानी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘हम सबसे बड़ी फिल्म सिटी बनाएंगे, जो देश के सबसे बड़े एयरपोर्ट के पास होगी। इसमें कम से कम 1,510 करोड़ रुपये का निवेश होगा।’’

पैदा होंगी 10 हजार नौकरियां

भूटानी समूह के प्रबंध निदेशक ने कहा कि इस नई परियोजना से 10,000 नौकरियों का सृजन होगा। परियोजना के नोडल अधिकारी भाटिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘समझौते के साथ ही फिल्म सिटी विकास के पहले चरण के लिए भूमि का हिस्सा रियायती आधार पर सौंप दिया गया है। अब वे वहां निर्माण कार्य शुरू करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि प्रमुख निर्माण कार्य 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है। जबकि शेष काम उसके बाद होगा। उत्तर प्रदेश सरकार का उपक्रम यीडा 165 किलोमीटर लंबे यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे की जमीन का प्रबंधन करता है। फिल्म सिटी एक सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) वाली परियोजना है।

1000 एकड़ जमीन पर होगा निर्माण

फिल्म सिटी का निर्माण नोएडा के पास यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे यीडा के सेक्टर-21 में सार्वजनिक-निजी भागीदारी में 1,000 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। पहले चरण में करीब 230 एकड़ भूमि पर काम होगा। 1,000 एकड़ भूमि में से 220 एकड़ वाणिज्यिक और 780 एकड़ औद्योगिक इस्तेमाल के लिए है।

(भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा