1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. UP में एविएशन सेक्टर को बूस्ट, यह नई एयरलाइन कंपनी लखनऊ से 6 रूट्स के लिए शुरू करेगी उड़ान

UP में एविएशन सेक्टर को बूस्ट, यह नई एयरलाइन कंपनी लखनऊ से 6 रूट्स के लिए शुरू करेगी उड़ान

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 08, 2025 03:49 pm IST,  Updated : Jul 08, 2025 03:50 pm IST

विश्वकर्मा ने कहा कि शंख एयर ने उड़ान मंजूरी के लिए आवेदन कर दिया है और डीजीसीए से मंजूरी का इंतजार कर रही है।

Airline - India TV Hindi
एयरलाइन Image Source : FILE

UP में एक और एविएशन कंपनी अपनी सेवा शुरू करने जा रही है। कंपनी का नाम शंख एयर है। यह कंपनी राज्य की राजधानी लखनऊ से 6 रूट्स को जोड़ने की योजना बनाई है। कंपनी फिलहाल नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से उड़ान के लिए मंजूरी का इंतजार कर रही है। विमानन कंपनी ने कहा कि वह देश में मौजूदा क्षेत्रीय कंपनियों द्वारा संचालित किए जा रहे टर्बोप्रॉप विमानों के स्थान पर अपने परिचालन के लिए ‘नैरो-बॉडी’ एयरबस ए320 विमानों को पट्टे पर लेने की योजना बना रही है। 

लखनऊ से इन स्थानों के लिए मिलेंगे फ्लाइट्स 

नई विमानन कंपनी शुरुआत में लखनऊ से वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, चित्रकूट, इंदौर और देहरादून के लिए सेवाएं शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि शंख एयर का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के वंचित क्षेत्रों को जोड़ना, स्थानीय व्यवसायों, पर्यटन एवं रोजगार सृजन को बढ़ावा देना और सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना है। 

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री से मुलाकात हुई 

बयान के अनुसार, शंख एयर के चेयरमैन श्रवण कुमार विश्वकर्मा ने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के.राममोहन नायडू से मुलाकात की थी और विमानन कंपनी के सेवा शुरू करने एवं भारत के क्षेत्रीय हवाई संपर्क लक्ष्यों का समर्थन करने के लिए सहयोगात्मक अवसरों पर चर्चा की थी। विश्वकर्मा ने कहा कि शंख एयर ने उड़ान मंजूरी के लिए आवेदन कर दिया है और डीजीसीए से मंजूरी का इंतजार कर रही है। विश्वकर्मा ने केंद्रीय मंत्री के साथ अपनी बैठक के बारे में कहा कि हम सेवा शुरू करने की तैयारी में हैं। इसलिए हम नीति निर्माताओं के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हमारी विस्तार योजनाएं राष्ट्रीय विमानन लक्ष्यों के अनुरूप हों।

छोटे इलाकों को जोड़ेगी शंख एयर

विश्वकर्मा के अनुसार, शंख एयर का उद्देश्य उन इलाकों को हवाई सेवा से जोड़ना है जो अब तक एविएशन नेटवर्क से दूर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमारा फोकस उत्तर प्रदेश के कम सेवा प्राप्त क्षेत्रों को जोड़ने पर है। इससे न केवल पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा