1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सिर्फ 800 शब्दों का बजट..., भारत के इस वित्त मंत्री के नाम है सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड

सिर्फ 800 शब्दों का बजट..., भारत के इस वित्त मंत्री के नाम है सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड

 Published : Feb 01, 2026 07:00 am IST,  Updated : Feb 01, 2026 09:55 am IST

Budget 2026: भारत का आम बजट 2026 रविवार 1 फरवरी को पेश होने जा रहा है। आपको बता दें कि देश का सबसे लंबा बजट भाषण पढ़ने का रिकॉर्ड वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पास है। पर क्या आप जानते हैं कि सबसे छोटा बजट भाषण किस नेता ने पढ़ा था?

Budget 2026- India TV Hindi
बजट 2026 Image Source : PRASAR BHARTI/PTI

Budget 2026: भारत का आम बजट 2026 आज रविवार 1 फरवरी को पेश होने जा रहा है। इस बजट पर पूरे देश की निगाहें लगी हुई हैं। मोदी सरकार के इस बजट से किसान, महिलाएं, सैलरीड क्लास से लेकर आम आदमी तक हर किसी को काफी उम्मीदें हैं। टैक्सपेयर समेत मिडिल क्लास को भी बजट से राहत की उम्मीद है। आपको बता दें कि ये मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का दूसरा बजट है। इसके साथ ही वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपना 9वां बजट पेश करने वाली हैं। क्या आपको पता है कि भारत के किस नेता के पास सबसे छोटे बजट भाषण का रिकॉर्ड है जो कि सिर्फ 800 शब्दों का था। आइए जानते हैं उनके बारे में।

सबसे छोटा बजट भाषण

आपको बता दे कि पूर्व वित्त मंत्री हिरूभाई मुल्जीभाई पटेल के नाम पर सबसे छोटा बजट भाषण देने का रिकॉर्ड दर्ज है। साल 1977 में केंद्रीय वित्त मंत्री हिरूभाई मुल्जीभाई पटेल ने अंतरिम बजट पेश किया था। इस दौरान उन्होंने 800 शब्द का ही भाषण पढ़ था। वहीं, सबसे लंबे बजट भाषण का रिकॉर्ड निर्मला सीतारमण के नाम है। उन्होंने एक फरवरी, 2020 को दो घंटे 40 मिनट तक भाषण दिया था।

सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने वाले नेता

आजाद भारत में सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के पास है। उन्होंने 1959-1964 के बीच छह और 1967-1969 के बीच चार बजट पेश किए थे। पी चिदंबरम ने 9 बार बजट पेश किया है और प्रणब मुखर्जी ने 8 बजट पेश किए हैं। वर्तमान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 8 बार बजट पेश कर चुकी हैं और 1 फरवरी को 9वीं बार बजट पेश करेंगी।

यहां जानें बजट के दिन का पूरा शेड्यूल

बजट भाषण की शुरुआत लोकसभा में सुबह 11 बजे से होगी। आज सबसे पहले निर्मला सीतारमण सुबह साढ़े 8 बजे वित्त मंत्रालय पहुंचेंगी। बजट को फाइनल टच देने के बाद वित्तमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बजट की कॉपी सौंपेंगी। इसके बाद सुबह 10 बजे निर्मला सीतारमण संसद भवन पहुंचेंगी जहां 10 बजकर 15 मिनट पर कैबिनेट की बैठक में बजट को मंज़ूरी दी जाएगी। इसके बाद सीधे लोकसभा में कार्यवाही शुरू होते ही बजट भाषण दिया जाएगा। आज बजट पेश होने के साथ साथ एक रिकॉर्ड भी बन रहा है। ये पहला मौका होगा जब रविवार को बजट पेश किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- India Budget 2026 Live: शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए खुल सकता है वित्त मंत्री का पिटारा, आज पेश करेंगी देश का बजट

जब वित्त मंत्री नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री को खुद पेश करना पड़ा बजट; जानिए क्यों आई थी ऐसी नौबत?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा