1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. CNG-PNG की कीमतों में जल्द आ सकती है गिरावट, सरकार ने दो साल में पहली बार घटा दिये APM के दाम

CNG-PNG की कीमतों में जल्द आ सकती है गिरावट, सरकार ने दो साल में पहली बार घटा दिये APM के दाम

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Jun 01, 2025 02:27 pm IST,  Updated : Jun 01, 2025 02:27 pm IST

एपीएम गैस की कीमत घटने से इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड, महानगर गैस लिमिटेड और अडानी टोटल गैस लिमिटेड जैसे शहरी गैस खुदरा विक्रेताओं को मदद मिलेगी।

सीएनजी पीएनजी प्राइस- India TV Hindi
सीएनजी पीएनजी प्राइस Image Source : FILE

जल्द ही वाहनों में यूज होने वाली सीएनजी और रसोई गैस के रूप में इस्तेमाल होने वाली पीएनजी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल सकती है। सरकार ने सीएनजी और पीएनजी के उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक गैस की कीमत में दो साल में पहली बार कमी की है। क्रूड ऑयल की कीमतों के लगातार निचले स्तर पर बने रहने के बाद सरकार ने यह कटौती की है। पेट्रोलियम मंत्रालय के पेट्रोलियम नियोजन और विश्लेषण प्रकोष्ठ (पीपीएसी) की एक अधिसूचना के अनुसार, नीलामी के बिना सार्वजनिक क्षेत्र की ओएनजीसी को आवंटित विरासती या पुराने क्षेत्रों से प्राकृतिक गैस की कीमत 6.75 डॉलर से घटाकर 6.41 डॉलर प्रति 10 लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमएमबीटीयू) कर दी गई है। 

एपीएम की कीमत के लिए लागू हुआ था नया फॉर्मूला

अप्रैल, 2023 में सरकार द्वारा इस तरह की गैस की कीमत के लिए एक नया फॉर्मूला लागू करने के बाद से यह पहली कटौती है। इससे इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड, महानगर गैस लिमिटेड और अडानी टोटल गैस लिमिटेड जैसे शहरी गैस खुदरा विक्रेताओं को मदद मिलेगी। ये कंपनियां उत्पादन लागत में वृद्धि से दबाव में थीं। अप्रैल, 2023 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया था, जिसमें एपीएम गैस कहे जाने वाले पुराने क्षेत्रों से प्राप्त गैस की कीमत मासिक आधार पर कच्चे तेल के मासिक औसत आयात मूल्य के 10 प्रतिशत पर निर्धारित करने की बात कही गई थी। जिसमें न्यूनतम चार डॉलर और अधिकतम 6.5 डॉलर प्रति 10 लाख ब्रिटिश थर्मल यूनिट की सीमा तय की गई थी। अधिकतम मूल्य दो साल तक अपरिवर्तित रहना था और उसके बाद हर साल 0.25 डॉलर की दर से बढ़ना था। इसके अनुरूप, अप्रैल में अधिकतम मूल्य बढ़कर 6.75 डॉलर प्रति इकाई हो गया।

कच्चे तेल में गिरावट

बीते हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन क्रूड ऑयल गिरावट के साथ बंद हुआ था। क्रूड ऑयल WTI फ्यूचर्स 0.25 फीसदी या 0.15 डॉलर की गिरावट के साथ 60.79 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था। वहीं, ब्रेंट ऑयल 0.90 फीसदी या 0.57 डॉलर की गिरावट के साथ 62.78 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा