1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. क्रेडिट कार्ड: सुविधा या कर्ज का जाल? जानें कैसे करें समझदारी से इस्तेमाल

क्रेडिट कार्ड: सुविधा या कर्ज का जाल? जानें कैसे करें समझदारी से इस्तेमाल

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : May 15, 2025 02:56 pm IST,  Updated : May 15, 2025 02:56 pm IST

यदि आप अपनी लिमिट का 30 प्रतिशत से अधिक उपयोग करते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर स्थिर हो सकता है या नकारात्मक रूप से प्रभावित हो सकता है।

क्रेडिट कार्ड- India TV Hindi
क्रेडिट कार्ड Image Source : FILE

आजकल नौकरीपेशा लोगों को हफ्ते में कई बार क्रेडिट कार्ड कंपनियों से आकर्षक ऑफर्स वाले फोन आते ही होंगे। युवाओं के बीच क्रेडिट कार्ड का क्रेज तेजी से बढ़ रहा है, क्योंकि यह खरीदारी की आजादी देता है। ऑनलाइन शॉपिंग हो या ऑफलाइन, लोग जमकर क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं। यहां तक कि यूटिलिटी बिल और अब तो थर्ड पार्टी ऐप्स के जरिए खुद को ही हाउस रेंट या अन्य भुगतानों के नाम पर पैसे ट्रांसफर कर रहे हैं।

कर्ज में फंस सकते हैं आप

हालांकि, क्रेडिट कार्ड की यह सुविधा कई बार लोगों को कर्ज के जाल में भी फंसा देती है। लगातार बड़ी खरीदारी और खुद को ही पैसे ट्रांसफर करने की आदत कर्ज को बढ़ाती है। ऐसी स्थिति भी आ जाती है जब क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने के लिए पर्सनल लोन लेना पड़ता है, जिससे क्रेडिट स्कोर खराब होता है।

कितना करें खर्च

यह जानना जरूरी है कि क्रेडिट कार्ड की लिमिट का कितना प्रतिशत इस्तेमाल करना चाहिए ताकि आपका क्रेडिट स्कोर सुरक्षित रहे। जानकारों के अनुसार, आदर्श स्थिति यह है कि आपको अपनी क्रेडिट कार्ड लिमिट का केवल 10 से 15 प्रतिशत ही खर्च करना चाहिए। यदि आप अपनी लिमिट का 30 प्रतिशत से अधिक उपयोग करते हैं, तो आपका क्रेडिट स्कोर स्थिर हो सकता है या नकारात्मक रूप से प्रभावित हो सकता है।

उदाहरण से समझें

उदाहरण के तौर पर, यदि आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 1.5 लाख रुपये है, तो आपको महीने में 45 हजार रुपये से अधिक खर्च नहीं करना चाहिए। इसके अलावा, अपने क्रेडिट स्कोर पर लगातार नजर रखना महत्वपूर्ण है। अपने पुराने क्रेडिट कार्ड को बंद करने से भी आपका क्रेडिट स्कोर बिगड़ सकता है, खासकर यदि आप लंबे समय से क्रेडिट का प्रबंधन नहीं कर रहे हैं।

सोच समझकर करें यूज

इसलिए, क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें। अपनी खर्च सीमा को नियंत्रित रखें और समय पर बिलों का भुगतान करें ताकि आप कर्ज के जाल में फंसने से बचें और अपना क्रेडिट स्कोर बेहतर बनाए रखें। क्रेडिट कार्ड एक उपयोगी वित्तीय उपकरण है, लेकिन इसका सही और सोच-समझकर उपयोग करना आवश्यक है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा