1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. GST नियमों का उल्लंघन करने का आरोप, फिनो पेमेंट्स बैंक के MD और CEO ऋषि गुप्ता गिरफ्तार

GST नियमों का उल्लंघन करने का आरोप, फिनो पेमेंट्स बैंक के MD और CEO ऋषि गुप्ता गिरफ्तार

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Feb 28, 2026 10:36 am IST,  Updated : Feb 28, 2026 10:36 am IST

फिनो पेमेंट्स बैंक ने साफ किया है कि बैंक का कोई भी अधिकारी इसमें शामिल नहीं था और ये पूरी जांच बैंक के बिजनेस पार्टनर से जुड़ी थी।

Fino Payments Bank, Fino Payments Bank share price, Fino Payments Bank md, Fino Payments Bank ceo, F- India TV Hindi
लाल घेरे में ऋषि गुप्ता Image Source : HTTPS://X.COM/FINOPAYMNTSBANK

टैक्स अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर (GST) से जुड़े कानूनों का उल्लंघन करने के आरोप में फिनो पेमेंट्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ ऋषि गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। फिनो पेमेंट्स बैंक ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। फिनो पेमेंट्स बैंक ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि ऋषि गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद, एक स्पेशल बोर्ड मीटिंग बुलाई गई, जिसमें बैंक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर केतन मर्चेंट को कंपनी का प्रमुख नियुक्त किया गया ताकि वे दैनिक कार्यों का संचालन और देखरेख कर सकें। बैंक ने बताया कि ऋषि गुप्ता को "सीजीएसटी और एसजीएसटी अधिनियम, 2017 की धारा 132(1)(ए) और 132(1)(आई) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।" 

ऋषि गुप्ता की गिरफ्तारी से बैंकर्स और प्रोफेशनल्स को झटका

फिनो पेमेंट्स बैंक ने एक बयान में कहा, ''बैंक सभी जरूरी जानकारी देने के लिए जीएसटी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहा है। अभी, बैंक पर कोई असर नहीं पड़ा है। इस बारे में कोई और जानकारी सही समय पर बताई जाएगी।" फिनो पेमेंट्स बैंक ने साफ किया है कि बैंक का कोई भी अधिकारी इसमें शामिल नहीं था और ये पूरी जांच बैंक के बिजनेस पार्टनर से जुड़ी थी। ऋषि गुप्ता की गिरफ्तारी पर बात करते हुए लॉ फर्म एसएनजी एंड पार्टनर्स के चेयरमैन राजेश नारायण गुप्ता ने कहा कि इस खबर से बैंकर्स और प्रोफेशनल्स को झटका लगा है। राजेश नारायण गुप्ता ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि GST कानूनों के तहत तुरंत गिरफ्तारी क्यों होती है, उन्होंने कहा कि सरकार को "कठोर" प्रावधानों की फिर से जांच होनी चाहिए।

शुक्रवार को बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए बैंक के शेयर

बताते चलें कि साल 2021 में फिनो पेमेंट्स बैंक घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी। शुक्रवार को बैंक के शेयर बड़ी गिरावट के साथ बंद हुए थे। कल, बीएसई पर फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर 7.50 प्रतिशत (15.60 रुपये) की भयावह गिरावट के साथ 192.45 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। कारोबार के दौरान बैंक के शेयर 182.90 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 209.00 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर का 52 वीक हाई 339.00 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 180.50 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 1,601.54 करोड़ रुपये है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा