1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. महंगाई की 'लू' में तपाएगा जून का महीना, आपकी जेब पर बुरा असर डालेंगे आज से लागू ये 5 बदलाव

महंगाई की 'लू' में तपाएगा जून का महीना, आपकी जेब पर बुरा असर डालेंगे आज से लागू ये 5 बदलाव

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 01, 2022 10:57 am IST,  Updated : Jun 01, 2022 10:57 am IST

आइए हम आपको ऐसे ही 5 बदलावों से रूबरू करवाने जा रहे हैं जिनसे जून में आपकी जेब और ढीली हो सकती है।

5 Changes in June - India TV Hindi
5 Changes in June  Image Source : FILE

Highlights

  • SBI के होम लोन की बढ़ी किस्तें 1 जून से प्रभावी होंगी
  • थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के लिए चुकाने होंगे ज्यादा पैसे
  • बैंक एक्सिस बैंक में पैसा रखना अब महंगा हो जाएगा

आज से जून का महीना शुरू हो गया है। इसके साथ ही आपकी जेब से जुड़े 5 बदलाव भी आज से लागू हो रहे हैं। हालांकि पहले दिन कमर्शियल एलपीजी ने आपको थोड़ी राहत दी है, लेकिन दूसरी ओर से आपकी जेब कटने वाली है। यदि आप मई के महीने में महंगाई से परेशान थे तो जून का महीना आपको महंगाई की आंच में खूब तपाने वाला है। मई के महीने में ईएमआई की बढ़ोत्तरी की जिन खबरों ने आपकी नींद उड़ा दी थी, वे जून से लागू हो रही हैं। ऐसे में नए बदलावों के लिए कमर कस कर तैयार हो जाइए। आइए हम आपको ऐसे ही 5 बदलावों से रूबरू करवाने जा रहे हैं जिनसे जून में आपकी जेब और ढीली हो सकती है। 

5 Changes in June 
Image Source : FILE5 Changes in June 

SBI के होम लोन की बढ़ेंगी किस्तें

यदि आपने अपने घर के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से होम लोन ले रखा है तो आपके लिए बुरी खबर है। SBI ने एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) को 40 बेसिस प्वाइंट बढ़ाकर 7.05% कर दिया है। वहीं RLLR 6.65% प्लस क्रेडिट जोखिम प्रीमियम (CRP) होगा। बढ़ी हुई ब्याज दरें 1 जून से प्रभावी होंगी। पहले EBLR 6.65% थी, जबकि रेपो-लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) 6.25% थी।

थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के लिए चुकाने होंगे ज्यादा पैसे 

यदि आपके वाहन का इंश्योरेंस जून में ड्यू है तो आप पर पहले ही महीने महंगाई की मार पड़नी तय है। जून की पहली तारीख से दोपहिया और चार पहिया वाहनों का थर्ड पार्टी बीमा महंगा होने जा रहा है। बता दें कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सभी वाहनों के लिए थर्ड पार्टी बीमा आवश्यक है। कॉम्प्रिहेंसिव और जीरो डेट बीमा में भी थर्ड पार्टी इंश्योरेंस का घटक शामिल होता हैं। दोपहिया वाहनों के लिए 150 सीसी से 350 cc तक के वाहनों के लिए 1,366 रुपए प्रीमियम होगा। वहीं 350 cc से अधिक के वाहनों के लिए प्रीमियम 2,804 रुपए होगा।

महंगा हुआ एक्सिस बैंक अकाउंट

देश में निजी क्षेत्र के बैंक एक्सिस बैंक में पैसा रखना अब महंगा हो जाएगा। एक्सिस बैंक ने सेविंग्स अकाउंट पर लगने वाले सर्विस चार्ज को बढ़ा दिया है। 1 जून से सेविंग्स अकाउंट में मिनिमम बैलेंस रखने की सीमा बढ़ जाएगी। अब सेमी अर्बन और ग्रामीण इलाकों के ग्राहकों को एक्सिस बैंक के सभी तरह के सेविंग अकाउंट में 15,000 की जगह न्यूनतम 25,000 रुपए रखने होंगे। यदि आप 1 लाख रुपए का टर्म डिपॉजिट रखते हैं तो आपको इसस छूट मिलेगी। 

पोस्टल बैंक से लेनदेन महंगा 

पोस्ट आफिस के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) में भी जून से नए बदलाव हो रहे हैं। IPPB ने 15 जून से नगद लेन-देन फीस लेने जा रहा है। नए नियमों के तहत हर महीने पहले तीन नकद निकासी, नकद जमा और मिनी स्टेटमेंट लेने पर कोई शुल्क नहीं देना होगा हैं। इसके बाद प्रत्येक नकद निकासी या नकद जमा पर 20 रुपए और जीएसटी लगेगा, जबकि एक मिनी स्टेटमेंट लेन-देन पर 5 रुपए प्लस GST देना होगा।

बढ़ेगा गोल्ड हॉलमार्किंग का दायरा 

जून से सोने की हॉलमार्किंग का दायरा बढ़ने जा रहा है। 32 नए जिलों में भी हॉलमार्किंग सेंटर्स खोले जाएंगे। अभी तक 256 पुराने जिलों में यह व्यवस्था थी। अब 288 जिलों में सोने के गहने की हॉलमार्किंग अनिवार्य हो जाएगी। इन जिलों में अब 14, 18, 20, 22, 23 और 24 कैरेट के गहने ही बेचे जा सकेंगे। ये भी हॉलमार्किंग के बाद ही बेच पाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा