1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारतीय शेयर बाजार से डगमगाया विदेशी निवेशकों का भरोसा? अप्रैल में निकाले ₹60,847 करोड़, 2026 में अब तक ₹1920000000000 निकाले बाहर

भारतीय शेयर बाजार से डगमगाया विदेशी निवेशकों का भरोसा? अप्रैल में निकाले ₹60,847 करोड़, 2026 में अब तक ₹1920000000000 निकाले बाहर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : May 01, 2026 11:10 am IST,  Updated : May 01, 2026 11:10 am IST

भारतीय शेयर बाजार में इन दिनों विदेशी निवेशकों (FPI) का भरोसा कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। अप्रैल महीने में उन्होंने बड़ी रकम निकालकर बाजार को झटका दिया है। वैश्विक अनिश्चितता, बढ़ती महंगाई और पश्चिम एशिया में तनाव के कारण निवेशकों का ट्रेंड बदल रहा है।

विदेशी निवेशकों का...- India TV Hindi
विदेशी निवेशकों का भारत से बड़ा पलायन Image Source : CANVA

भारतीय शेयर बाजार के लिए साल 2026 की शुरुआत काफी चुनौतीपूर्ण साबित हो रही है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPIs) का भारतीय इक्विटी बाजार से मोहभंग होता दिख रहा है। अप्रैल महीने में ही विदेशी निवेशकों ने ₹60,847 करोड़ की भारी निकासी कर दी। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि साल 2026 के पहले चार महीनों में कुल निकासी ₹1.92 लाख करोड़ तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा पूरे साल 2025 की कुल निकासी से भी ज्यादा है, जिससे बाजार में अनिश्चितता का माहौल बन गया है।

आंकड़ों के अनुसार, 2026 में फरवरी को छोड़कर हर महीने विदेशी निवेशकों ने बिकवाली की है। जनवरी में ₹35,962 करोड़ निकाले गए, फरवरी में थोड़ी राहत के साथ ₹22,615 करोड़ का निवेश आया, लेकिन मार्च में रिकॉर्ड ₹1.17 लाख करोड़ की निकासी हुई। अप्रैल में भी यह सिलसिला जारी रहा। विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। तेल $100 प्रति बैरल के पार जाने से महंगाई और ब्याज दरों को लेकर आशंकाएं बढ़ गई हैं। इसका सीधा असर उभरते बाजारों जैसे भारत पर पड़ा है।

रुपये और वैल्यूएशन पर दबाव

डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हुआ है, जिससे विदेशी निवेशकों का भरोसा और कम हुआ है। साथ ही, भारतीय बाजार का वैल्यूएशन भी हाई माना जा रहा है, जिससे निवेशकों को खतरा ज्यादा लग रहा है।

आगे क्या रहेगा रुख?

विश्लेषकों का कहना है कि अगर वैश्विक हालात सुधरते हैं और कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं, तो विदेशी निवेशकों की वापसी हो सकती है। फिलहाल घरेलू निवेशकों का पैसा बाजार को सहारा दे रहा है, लेकिन अनिश्चितता अभी भी बनी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा