स्टॉकिस्टों की भारी खरीदारी से बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई है। सर्राफा व्यापारियों ने कहा कि चांदी बाजार में मौजूदा तेजी का रुझान मुख्य रूप से औद्योगिक मांग से प्रेरित है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1000 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,01,020 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर पहुंच गया। मंगलवार को भी इसका भाव 1000 रुपये बढ़ा था, जिसके बाद ये 1,00,020 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बताते चलें कि सोने की कीमतों में आज लगातार चौथे दिन तेजी दर्ज की गई है। इसके अलावा, आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 900 रुपये बढ़कर 1,00,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। मंगलवार को ये 1000 रुपये की तेजी के साथ 99,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
3 दिन में 7500 रुपये महंगी हुई चांदी
सोने के साथ ही आज चांदी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली। बुधवार को चांदी का भाव 4000 रुपये की बढ़त के साथ 1,18,000 रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। बताते चलें कि मंगलवार को चांदी की कीमत में 3000 रुपये की तेजी आई थी, जिसके बाद ये 1,14,000 रुपये प्रति किलो के भाव पर हुई थी। इस हफ्ते, 3 दिनों में चांदी की कीमतों में 7500 रुपये की बढ़त देखी गई है।
इतनी तेजी से क्यों बढ़ रही हैं सोने-चांदी की कीमतें
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, "वैश्विक अनिश्चितता बढ़ने के साथ सोने की मांग बनी हुई है, जिसका मुख्य कारण 1 अगस्त की समयसीमा से पहले अमेरिका-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते की घटती उम्मीदें हैं। इस अनिश्चितता ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है, जिससे निवेशक सुरक्षित निवेश की ओर रुख कर रहे हैं।" गांधी ने कहा कि अमेरिकी डॉलर में समग्र कमजोरी से भी सोने-चांदी की कीमतों को समर्थन मिल रहा है।
MCX पर भी महंगी हुई चांदी
इस बीच, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सितंबर डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 896 रुपये या 0.77 प्रतिशत बढ़कर 1,16,551 रुपये प्रति किलो के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा, अगस्त डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 24 रुपये गिरकर 1,16,551 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना 1,00,305 डॉलर प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 0.26 प्रतिशत गिरकर 3,422.87 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। विदेशी बाजारों में हाजिर चांदी 0.26 प्रतिशत बढ़कर 39.39 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।