1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 8900 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी का भाव 13,000 रुपये टूटा; 24-25 अगस्त के बाद से जारी है गिरावट

8900 रुपये सस्ता हुआ सोना, चांदी का भाव 13,000 रुपये टूटा; 24-25 अगस्त के बाद से जारी है गिरावट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 02, 2026 09:21 am IST,  Updated : Sep 02, 2026 09:21 am IST

दिल्ली के सर्राफा बाजार में 25 अगस्त को सोने की कीमतों में आखिरी बार तेजी देखने को मिली थी।

gold price, silver price, gold rate today, silver rate today, bullion market- India TV Hindi
सोने और चांदी के भाव में गिरावट जारी Image Source : PTI

अमेरिका-ईरान के बीच हालिया तनाव और फिर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण सोने की कीमतों में तेज गिरावट देखी जा रही है। इनके अलावा, वैश्विक स्तर पर भारी बिकवाली के कारण भी सोने की कीमतों में काफी दबाव पड़ रहा है। इसी बीच, दिल्ली के सर्राफा बाजार में पिछले 5 दिनों में सोने की कीमतों में 8900 रुपये (5.30 प्रतिशत) की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई हैं।

25 अगस्त को 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था सोने का भाव

दिल्ली के सर्राफा बाजार में 25 अगस्त को सोने की कीमतों में आखिरी बार तेजी देखने को मिली थी। उस दिन, सोने का भाव 2700 रुपये बढ़कर 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था। ये सोने के कीमतों में लगातार चौथे दिन की तेजी थी। इसके बाद से ही सोने के भाव में गिरावट का सिलसिला लगातार जारी है।

सोने की कीमतों में 26 अगस्त से शुरू हुई थी गिरावट

26 अगस्त को सोने का भाव 600 रुपये गिरकर 1,66,500 रुपये प्रति 10 ग्राम, 27 अगस्त को 800 रुपये गिरकर 1,65,700 रुपये प्रति 10 ग्राम, 28 अगस्त को 3300 रुपये टूटकर 1,62,400 रुपये प्रति 10 ग्राम, 31 अगस्त को 1500 रुपये की गिरावट के साथ 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम और फिर 1 सितंबर को 2700 रुपये गिरकर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।

लगातार क्यों टूट रहा है सोने का भाव

सर्राफा पर इसलिए दबाव बन रहा है क्योंकि अमेरिका और ईरान के बीच नए तनाव से कच्चे तेल की कीमतें बढ़ रही हैं, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ गई हैं और निवेशकों का ध्यान ब्याज दरों के परिदृश्य पर केंद्रित हो गया। 

चांदी की कीमतों में 13,000 रुपये की गिरावट

सोने के साथ ही, चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट देखी जा रही है। 24 अगस्त को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी का भाव लगातार तीसरे दिन बढ़कर 2,53,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया था, इसके साथ ही चांदी की कीमतें अपने 4 महीनों के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। उसके बाद से चांदी की कीमतों में 1 सितंबर को कारोबार खत्म होने तक 13,000 रुपये की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। 1 सितंबर को चांदी का भाव 5000 रुपये टूटकर 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया।

ये भी पढ़ें

एयर इंडिया से इस्तीफा दे रहे हैं अनुभवी पायलट, ALPA ने जताई चिंता, नोएल टाटा को लिखी चिट्ठी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा