1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. लगातार सातवें महीने चढ़ा सोने का भाव, इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, आखिर किस वजह से बढ़ रहा गोल्ड का रेट?

लगातार सातवें महीने चढ़ा सोने का भाव, इतिहास में पहली बार हुआ ऐसा, आखिर किस वजह से बढ़ रहा गोल्ड का रेट?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 05, 2026 11:52 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 11:52 pm IST

दुनिया भर में अनिश्चितता बढ़ते ही सोने की चमक और तेज हो जाती है। इस समय भी कुछ ऐसा ही देखने को मिल रहा है। फरवरी महीने में सोने की कीमत लगातार सातवें महीने बढ़ी है। इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब गोल्ड के दाम इतने लंबे समय तक लगातार चढ़ते रहे हैं।

गोल्ड महंगा क्यों हो...- India TV Hindi
गोल्ड महंगा क्यों हो रहा है? Image Source : CANVA

दुनिया में जब भी आर्थिक या राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ती है, निवेशकों की नजर सबसे पहले सोने पर जाती है। यही वजह है कि पिछले कुछ समय से सोने की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। फरवरी महीने में सोने की कीमत लगातार सातवें महीने बढ़ी, जो इतिहास में पहली बार हुआ है। इससे पहले सोने के दाम अधिकतम छह महीने तक लगातार बढ़े थे, लेकिन इस बार इसने नया रिकॉर्ड बना दिया है।

पिछले सात महीनों में सोने की कीमत में करीब 61 प्रतिशत की तेजी आई है। यानी औसतन हर महीने सोने का भाव लगभग 9 प्रतिशत तक बढ़ा है। वहीं अगर पूरे साल की बात करें तो इस साल अब तक सोने की कीमत करीब 20 प्रतिशत तक चढ़ चुकी है।

क्यों बढ़ रही है सोने की कीमत?

विशेषज्ञों का कहना है कि दुनिया के कई हिस्सों में राजनीतिक तनाव, युद्ध और आर्थिक अनिश्चितता बढ़ने से निवेशक सुरक्षित निवेश की तलाश में हैं। ऐसे समय में सोना सबसे भरोसेमंद निवेश माना जाता है। जब भी वैश्विक बाजार में जोखिम बढ़ता है, निवेशक शेयर बाजार या अन्य जोखिम वाले निवेश से पैसा निकालकर सोने में लगाने लगते हैं। इसी कारण इसकी कीमत में तेजी आती है। इसके अलावा कई देशों के सेंट्रल बैंक भी बड़े पैमाने पर सोना खरीद रहे हैं, जिससे मांग बढ़ गई है और कीमतों को और मजबूती मिली है।

5 साल में 265% तक चढ़ा गोल्ड

साल 2020 से 2025 के बीच सोने की कीमत में लगभग 265 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई है। इस दौरान दुनिया के कई देशों ने अपने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने के लिए सोने की खरीद बढ़ाई है। सोना खरीदने में चीन सबसे आगे रहा है। पिछले पांच वर्षों में चीन ने आधिकारिक तौर पर 357.1 टन सोना खरीदा। इसके बाद पोलैंड ने 314.6 टन, तुर्की ने 251.8 टन और भारत ने 245.3 टन सोना खरीदा।

कुछ देशों ने बेचा भी सोना

हालांकि कई देशों ने इस दौरान सोने की खरीद बढ़ाई, लेकिन कुछ देशों ने अपनी आर्थिक जरूरतों के चलते सोना बेचा भी है। इस सूची में फिलीपींस सबसे आगे रहा, जिसने करीब 65 टन सोना बेचा। इसके अलावा कजाकस्तान, श्रीलंका और जर्मनी जैसे देशों ने भी अपने गोल्ड रिजर्व में कमी की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा