Sunday, January 18, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने में लगातार पांचवें दिन तेजी, कीमत 80 हजार के पार, जानें Gold-Silver का ताजा रेट

सोने में लगातार पांचवें दिन तेजी, कीमत 80 हजार के पार, जानें Gold-Silver का ताजा रेट

डॉलर के मुकाबले रुपया टूटने का असर सोने पर हुआ है। सोने की कीमत में लगातार आज पांचवें दिन तेजी रही। यह तेजी आगे भी जारी रह सकती है।

Edited By: Alok Kumar @alocksone
Published : Jan 13, 2025 06:45 pm IST, Updated : Jan 13, 2025 06:45 pm IST
Gold and silver - India TV Paisa
Photo:FILE सोना-चांदी

Gold rate today: एक ओर शेयर बाजार में गिरावट का दौर जारी है। वहीं, दूसरी ओर सोने में आज लगातार पांववें दिन तेजी जारी रही। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही और आज इसकी कीमत 110 रुपये बढ़कर 80,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। पिछले सत्र में सोने की कीमत 80,550 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत 1,660 रुपये बढ़कर 80,660 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 110 रुपये बढ़कर 80,260 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि इसका पिछला बंद भाव 80,150 रुपये प्रति 10 ग्राम था। 

चांदी के भाव में बदलाव नहीं हुआ

हालांकि, सोमवार को चांदी लगातार दूसरे सत्र में 93,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। वहीं, कारोबारियों के दांव बढ़ाने से वायदा कारोबार में सोमवार को चांदी की कीमतें 304 रुपये चढ़कर 92,202 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीई) में मार्च में आपूर्ति वाले चांदी के अनुबंध का भाव 304 रुपये यानी 0.33 प्रतिशत चढ़कर 92,202 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। इसमें कुल 20,729 लॉट का कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने बताया कि कारोबारियों के ताजा सौदे करने से चांदी की कीमतों में तेजी रही।

इस कारण सोने की कीमत बढ़ी

एलकेपी सिक्योरिटीज में उपाध्यक्ष शोध विश्लेषक (जिंस एवं मुद्रा) जतिन त्रिवेदी ने कहा कि रुपये के कमजोर होकर 86.61 पर आने से सोने की कीमतों में तेजी आई। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन द्वारा रूस पर लगाए गए नए प्रतिबंधों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई, जिससे भू-राजनीतिक तनाव बढ़ गया। सोमवार को रुपया करीब दो साल में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट के साथ 86.62 (अस्थायी) डॉलर के मुकाबले ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। अमेरिकी मुद्रा में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपया 58 पैसे की गिरावट के साथ 86.62 (अस्थायी) डॉलर के मुकाबले ऐतिहासिक निचले स्तर पर बंद हुआ। 

वैश्विक बाजारों में भी रही तेजी 

त्रिवेदी ने कहा कि रुपये में गिरावट से घरेलू बाजार में सोने की कीमतों को समर्थन मिला, जिससे वैश्विक संकेतों का असर बढ़ा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, कॉमेक्स सोना वायदा 10.70 डॉलर प्रति औंस गिरकर 2,704.30 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा कि पिछले सप्ताह 1.95 प्रतिशत की बढ़त के बाद हाजिर सोने की कीमतें स्थिर हैं। मुद्रास्फीति की आशंकाओं के कारण कीमतों में उछाल आया है। एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 1.4 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30.88 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

Latest Business News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

Advertisement
Advertisement
Advertisement