महिलाओं द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला एक हैंडबैग इतना महंगा बिक सकता है, आपने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा। जी हां, 10 जुलाई को ऑक्शन के लिए रखा गया पहला बिर्किन बैग 8.6 मिलिनय यूरो (करीब 86.31 करोड़ रुपये) में बिक गया। इसमें सभी तरह की फीस भी शामिल है। खास बात ये है कि बिर्किन बैग की नीलामी के लिए आयोजित ऑक्शन सिर्फ 10 मिनट में खत्म हो गया। इस ऑक्शन में कुल 9 खरीदारों ने हिस्सा लिया था।
फ्रांस के लग्जरी ब्रांड हर्मीस का बनाया हुआ है बिर्किन बैग
सोथबी की नीलामी में पेरिस फैशन आइकन की बिक्री के हिस्से के रूप में फ्रांस के लग्जरी लेबल हर्मीस का प्रतिष्ठित हैंडबैग नीलाम हुआ। यह नीलामी में बिकने वाला अभी तक का सबसे महंगा हैंडबैग है। हर्मीस ने यह बैग दिवंगत अभिनेत्री, गायिका और फैशन आइकॉन जेन बिर्किन के नाम पर बनाया था।
आखिर किसने खरीदा 86 करोड़ रुपये का हैंडबैग
जापान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, लग्जरी सामानों को रीसेल करने वाले 'वैल्यूएन्स जापान' ने इस बैग के लिए सबसे ज्यादा बोली लगाई और करीब 86 करोड़ रुपये में खरीद ली। आपको बता दें कि टोक्यो का 'वैल्यूएन्स जापान', लग्जरी चीजों का रीसेलर है। वैल्यूएन्स जापान, वैल्यूएन्स होल्डिंग्स इंक की एक प्रमुख सब्सिडरी कंपनी है, जो मुख्यत: रीयूज बिजनेस में शामिल है। हालांकि, सोथबी की तरफ से इस बैग के खरीददार की पहचान उजागर नहीं की गई है। इस संबंध में सोथबी ने सिर्फ इतना बताया कि हर्मीस बैग जापान के एक अज्ञात "प्राइवेट कलेक्टर" को मिला है। सोथबी के अनुसार, जापान के खरीददार ने इस बैग के लिए फोन पर बोली लगाई थी।
सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना बिर्किन बैग
ओजी बिर्किन बैग के 86 करोड़ की भारी-भरकम कीमत में बिकने के बाद से, सोशल मीडिया पर भी इस बैग को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि बिर्किन बैग के जापानी खरीदार के पास 80 से ज्यादा बैग हैं, जिनमें 30 दुर्लभ चमड़े के हैं।