1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हिंडनबर्ग-अडाणी मामला: सेबी ने SC से कहा, शॉर्ट सेलिंग बैन की योजना नहीं, इन मुद्दों की कर रहा जांच

हिंडनबर्ग-अडाणी मामला: सेबी ने SC से कहा, शॉर्ट सेलिंग बैन की योजना नहीं, इन मुद्दों की कर रहा जांच

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Feb 14, 2023 06:25 pm IST,  Updated : Feb 14, 2023 06:25 pm IST

हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों को अडाणी समूह ने खारिज कर दिया था। हालांकि, इस हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद समूह की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सामूहिक रूप से 120 अरब डॉलर से ज्यादा गिर गया है।

अडाणी समूह- India TV Hindi
अडाणी समूह Image Source : AP

पूंजी बाजार नियामक सेबी ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि वह उधार लिए गए शेयरों की शॉर्ट सेलिंग या बिक्री पर प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं है। नियामक ने कहा कि वह एक छोटी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के अडाणी समूह पर लगाए गए आरोपों के साथ-साथ उसके शेयर की कीमतों में उतार-चढ़ाव की जांच कर रहा है। खास बात यह है कि सेबी ने शीर्ष अदालत को भेजे 20 पृष्ठ के दस्तावेज में एक बार भी अडाणी समूह का नाम नहीं लिया है। सेबी ने अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट के बाद दर्ज दो जनहित याचिकाओं (पीआईएल) पर सोमवार को सुनवाई कर रही मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ को लिखित दस्तावेज में बताया कि शॉर्ट सेलिंग क्या है और हिंडनबर्ग रिसर्च क्या है।

सेबी के पास अस्थिरता से निपटने के लिए मजबूत ढांचा 

दस्तावेज के अनुसार, सेबी नियमों, शॉर्ट सेलिंग के नियमों के उल्लंघन की जांच के लिए हिंडनबर्ग के आरोपों और रिपोर्ट जारी होने से ठीक पहले और ठीक बाद की बाजार की गतिविधियों (शेयर बाजार में बिकवाली की जांच ) दोनों की जांच कर रहा है। नियामक ने बताया कि वह नियमों के किसी भी उल्लंघन की पहचान के लिए अडाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों के साथ-साथ रिपोर्ट जारी होने के तुरंत पहले और बाद की बाजार गतिविधियों की जांच कर रहा है। सेबी ने न्यायालय से यह भी कहा कि उसके पास अनवरत कारोबार सुनिश्चित करने और शेयर बाजार में अस्थिरता से निपटने के लिए मजबूत ढांचा है। सेबी ने दावा किया कि विकसित प्रतिभूति बाजार दुनियाभर में शॉर्ट सेलिंग को ‘वैध निवेश गतिविधि’ के रूप में मानते हैं।

आरोपों को अडाणी समूज ने खा​रिज किया था 

हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों को अडाणी समूह ने खारिज कर दिया था। हालांकि, इस हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद समूह की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण सामूहिक रूप से 120 अरब डॉलर से ज्यादा गिर गया है। सेबी ने कहा कि हाल ही में अडाणी समूह के शेयरों में भारी गिरावट से शेयर बाजार पर ज्यादा प्रभाव नहीं पड़ा है। सेबी ने कहा, भारतीय बाजार इससे पहले और भी बुरी अस्थिरता देख चुका है, विशेषकर कोरोना महामारी के समय, जब दो मार्च, 2020 से 19 मार्च, 2020 (13 कारोबारी दिवस) के बीच निफ्टी लगभग 26 प्रतिशत गिर गया था। बाजार अस्थिरता को देखते हुए सेबी ने 20 मार्च, 2020 को अपने मौजूदा बाजार तंत्र की समीक्षा की थी और कुछ बदलाव किए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा