1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. अमेरिका से शैल गैस, एलएनजी और कच्चे तेल जैसे प्रोडक्ट्स खरीद सकता है भारत, जानिए ट्रेड डील पर क्या है अपडेट

अमेरिका से शैल गैस, एलएनजी और कच्चे तेल जैसे प्रोडक्ट्स खरीद सकता है भारत, जानिए ट्रेड डील पर क्या है अपडेट

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Jun 04, 2025 05:12 pm IST,  Updated : Jun 04, 2025 05:12 pm IST

अमेरिका भारत का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और भारत के पक्ष में व्यापार अधिशेष की स्थिति है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में नौकरियां अमेरिका को होने वाले निर्यात से जुड़ी हैं।

ट्रेड डील- India TV Hindi
ट्रेड डील Image Source : FILE

भारत का अमेरिका को निर्यात बढ़ रहा है और वह अपने आयात में विविधता लाने के लिए अमेरिका से शैल गैस, एलएनजी और कच्चे तेल जैसे उत्पादों का आयात बढ़ा सकता है। इसका कारण अमेरिका में इन वस्तुओं की कीमतों का कम होना है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दोनों देशों के अधिकारी प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर इस सप्ताह अगले दौर की बातचीत शुरू करेंगे। अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि, भारत अमेरिका के साथ एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार समझौते की तलाश कर रहा है, लेकिन अन्य देशों की तुलना में हमें जो मिलता है, वह निर्धारित करेगा कि हम समझौते में आखिरकार क्या अंतिम रूप देते हैं।’’

अमेरिका से खरीद सकते हैं सस्ती चीजें

यह पूछे जाने पर कि क्या 9 जुलाई से पहले किसी तरह के अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति बन सकती है, अधिकारी ने कहा कि वर्तमान में बहुत सारी अनिश्चितताएं हैं। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की स्टील पर टैरिफ बढ़ाने की योजना और टैरिफ पर अमेरिकी अधिकारियों के फैसले के खिलाफ अदालत के आदेश पर रोक जैसे घटनाक्रम हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन अनिश्चितताओं के बीच, भारत को ऐसे रास्ते तलाशने होंगे जो देश के लिए अच्छे हों। अधिकारी ने कहा, ‘‘निर्यात बढ़ रहा है... ऐसी कई चीजें हैं जिन्हें हम अमेरिका से खरीद सकते हैं। उदाहरण के लिए शैल गैस, एलएनजी, कच्चा तेल। हमारे स्रोत जितने विविध होंगे, हमारे लिए उतना ही अधिक लाभ होगा। अमेरिका में कीमतें भी कम हैं।’’

भारत अपने हितों की रक्षा करेगा

अधिकारी ने कहा कि अमेरिका भारत का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है और भारत के पक्ष में व्यापार अधिशेष की स्थिति है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में नौकरियां अमेरिका को होने वाले निर्यात से जुड़ी हैं। भारत ने पहले ही स्टील और एल्युमीनियम पर अमेरिकी टेरिफ के विरुद्ध जवाबी टैरिफ लगाने का अपना अधिकार सुरक्षित रखा है। इसने वाहन कलपुर्जों पर अमेरिकी टैरिफ लगाये जाने को लेकर विश्व व्यापार संगठन (WTO) नियमों के तहत परामर्श भी मांगा है। यह पूछे जाने पर कि क्या भारत और अधिक उत्पादों में इसी तरह के उपाय करने पर विचार कर रहा है, अधिकारी ने कहा कि भारत अपने हितों की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम देखेंगे कि भारत के लिए क्या अच्छा है... उसके अनुसार, हम निर्णय लेंगे। अदालत के आदेश के कारण आज बहुत अनिश्चितताएं हैं। हम चर्चा करेंगे कि इन मुद्दों को कैसे हल किया जाए...।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा