1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार आ रही गिरावट, फिर भी पाकिस्तान की तुलना में है 42 गुना ज्यादा बड़ा

भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार आ रही गिरावट, फिर भी पाकिस्तान की तुलना में है 42 गुना ज्यादा बड़ा

 Edited By: Pawan Jayaswal
 Published : Nov 15, 2024 06:39 pm IST,  Updated : Nov 15, 2024 06:39 pm IST

India foreign exchange reserves : सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था, जो पिछले कई हफ्ते से घट रहा है। इसके बावजूद भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पाकिस्तान की तुलना में 42 गुना ज्यादा बड़ा है।

विदेशी मुद्रा भंडार- India TV Hindi
विदेशी मुद्रा भंडार Image Source : FILE

India foreign exchange reserves : भारत का विदेशी मुद्रा भंडार आठ नवंबर को समाप्त सप्ताह में 6.48 अरब डॉलर घटकर 675.65 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इससे पिछले सप्ताह, देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.67 अरब डॉलर घटकर 682.13 अरब डॉलर रहा था। सितंबर के अंत में विदेशी मुद्रा भंडार 704.88 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था, जो पिछले कई हफ्ते से घट रहा है। इसके बावजूद भारत का विदेशी मुद्रा भंडार पाकिस्तान की तुलना में 42 गुना ज्यादा बड़ा है।

रिजर्व बैंक के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, आठ नवंबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार का अहम हिस्सा मानी जाने वाली विदेशी मुद्रा आस्तियां 4.47 अरब डॉलर घटकर 585.38 अरब अमेरिकी डॉलर रह गईं। डॉलर के संदर्भ में उल्लेखित विदेशी मुद्रा आस्तियों में विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गए यूरो, पाउंड और येन जैसी गैर-अमेरिकी मुद्राओं की घट-बढ़ का प्रभाव शामिल होता है।

स्वर्ण भंडार में भी गिरावट

समीक्षाधीन सप्ताह में स्वर्ण भंडार का मूल्य 1.94 अरब डॉलर घटकर 67.81 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 6 करोड़ डॉलर घटकर 18.16 अरब डॉलर रह गया। रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (आईएमएफ) के पास भारत का आरक्षित भंडार 1.4 करोड़ डॉलर घटकर 4.30 अरब डॉलर पर आ गया।

पाकिस्तान के मुद्रा भंडार में हुआ इजाफा

भारत से इतर पाकिस्तान के विदेशी मुद्रा भंडार में 8 नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में बढ़ोतरी हुई है। स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान द्वारा जारी वीकली रिपोर्ट के अनुसार, विदेशी मुद्रा भंडार 34 मिलियन डॉलर बढ़कर 15.966 अरब डॉलर पर पहुंच गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा