1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. HCL Tech के मुनाफे में 21% की बंपर बढ़ोतरी, कंपनी ने डिविडेंड का किया ऐलान, चेक करें रिकॉर्ड डेट और पेमेंट डेट

HCL Tech के मुनाफे में 21% की बंपर बढ़ोतरी, कंपनी ने डिविडेंड का किया ऐलान, चेक करें रिकॉर्ड डेट और पेमेंट डेट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 12, 2026 06:34 pm IST,  Updated : Oct 12, 2026 06:34 pm IST

कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका परिचालन आय 11.5 प्रतिशत बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये हो गया।

hcl tech, hcl tech share price, hcl tech q2 results, hcl tech dividend- India TV Hindi
HCL Tech के मुनाफे में बंपर बढ़ोतरी Image Source : HCL TECH

देश की प्रमुख आईटी कंपनी एचसीएल टेक ने सोमवार को अपने वित्तीय नतीजे जारी कर दिए। कंपनी ने बताया कि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जुलाई-सितंबर तिमाही में उनका एकीकृत शुद्ध लाभ 21.18 प्रतिशत बढ़कर 5132 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 4235 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसका परिचालन आय भी 11.5 प्रतिशत बढ़कर 35,620 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 31,942 करोड़ रुपये था। 

तिमाही आधार पर 11 प्रतिशत बढ़ा एचसीएल टेक का शुद्ध लाभ

तिमाही आधार पर एचसीएल टेक का शुद्ध लाभ 11 प्रतिशत और परिचालन आय 3 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी की आईटी और व्यावसायिक सेवाओं से आय एक साल पहले के 23,693 करोड़ रुपये से बढ़कर 26,938 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, इंजीनियरिंग और अनुसंधान एवं विकास (R&D) सेवाओं से आय 5423 करोड़ रुपये से बढ़कर 5973 करोड़ रुपये रही। हालांकि, एचसीएल सॉफ्टवेयर से आय एक साल पहले के 2826 करोड़ रुपये से घटकर 2709 करोड़ रुपये रह गई।

शेयरहोल्डरों को 1 शेयर पर मिलेगा 12 रुपये का डिविडेंड

शानदार नतीजों को ध्यान में रखते हुए एचसीएल टेक के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने शेयरहोल्डरों के लिए डिविडेंड की घोषणा की है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने  2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर के लिए 12 रुपये के अंतरिम डिविडेंड की घोषणा की है। इसके साथ ही, कंपनी ने इस डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट और पेमेंट डेट का भी ऐलान कर दिया है। एचसीएल टेक ने कहा कि 12 रुपये के इस अंतरिम डिविडेंड के लिए 16 अक्टूबर को रिकॉर्ड डेट फिक्स किया गया है और 26 अक्टूबर को डिविडेंड का पैसा भी शेयरहोल्डरों के बैंक खाते में भेज दिया जाएगा।

सोमवार को मामूली तेजी के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर

सोमवार को बीएसई पर एचसीएल टेक के शेयर 0.47% (5.70 रुपये) की तेजी के साथ 1220.00 रुपये के लेवल पर बंद हुए। आज ट्रेडिंग के दौरान कंपनी के शेयर 1206.50 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 1237.75 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बताते चलें कि बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 1770 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 1030 रुपये है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 3,31,067.14 करोड़ रुपये है।

ये भी पढ़ें

बेकाबू होती जा रही महंगाई, सितंबर में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर हुई 5.54 प्रतिशत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।