1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत बनेगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, भारत मोबिलिटी एक्सपो में पीएम मोदी

हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत बनेगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, भारत मोबिलिटी एक्सपो में पीएम मोदी

 Edited By: Abhinav Shalya
 Published : Feb 02, 2024 10:48 pm IST,  Updated : Feb 02, 2024 10:48 pm IST

पीएम मोदी की ओर से भारत मोबिलिटी एक्सपो में कहा गया कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। हमारे तीसरे कार्यकाल में ये दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी।

भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो- India TV Hindi
भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में पीएम मोदी Image Source : PTI

भारत मोबिलिटी एक्सपो में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और उनकी सरकार के तीसरे कार्यकाल में यह निश्चित रूप से दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। प्रधानमंत्री ने भारत मोबिलिटी के ग्लोबल एक्सपो में कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन एवं वाहन कलपुर्जा उद्योग को भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने में अहम भूमिका निभानी होगी। 

इस मौके पर प्रधानमंत्री ने ट्रक और टैक्सी चालकों के लिए राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे पहले चरण में 1,000 आधुनिक विश्राम गृह बनाये जाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि भारत लगातार गतिशील है और तेजी से आगे बढ़ रहा है। एक तरह से यह भारत के परिवहन क्षेत्र के लिए स्वर्णिम काल की शुरुआत है। आज भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। भारत का हमारी सरकार के तीसरे कार्यकाल में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनना निश्चित है।देश में आम चुनाव अप्रैल-मई में होने वाले हैं।

सरकार का बैटरी और इलेक्ट्रिक वाहनों पर फोकस

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार के पहले कार्यकाल में बैटरी एवं इलेक्ट्रिक वाहनों पर उनका विशेष ध्यान रहा था और दूसरे कार्यकाल में इस दिशा में अच्छी प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार के तीसरे कार्यकाल में परिवहन क्षेत्र नई ऊंचाइयां हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के पहले करीब 10 साल में 12 करोड़ वाहन बिके थे। लेकिन 2014 के बाद से देश में 21 करोड़ से अधिक वाहन बेचे जा चुके हैं। दस साल पहले सालाना करीब 2,000 इलेक्ट्रिक वाहन ही बिक रहे थे जबकि अब 12 लाख इलेक्ट्रिक वाहन बेचे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में यात्री वाहनों के मामले में लगभग 60 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

बैटरी पर शोध करें उद्योग

उन्होंने कहा आगे कहा कि भारत में उपलब्ध कच्चे माल से बैटरी बनाने के लिए शोध क्यों नहीं किया जाता? वाहन क्षेत्र को हरित हाइड्रोजन और एथनॉल में भी अनुसंधान करना चाहिए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भारत की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हम समुद्र और पहाड़ों को चुनौती देते हुए रिकॉर्ड समय में ‘इंजीनियरिंग करिश्मा’ तैयार कर रहे हैं। अटल सुरंग से लेकर अटल सेतु तक, भारत का ढांचागत विकास नए रिकॉर्ड बना रहा है। पिछले 10 साल में, 75 नये हवाई अड्डे बनाये गये हैं। लगभग चार लाख ग्रामीण सड़कें बनाई गई हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा