1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. इतिहास रच गया रेलवे! 2025 में फेस्टिव और पीक सीजन मे चलाई 43000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

इतिहास रच गया रेलवे! 2025 में फेस्टिव और पीक सीजन मे चलाई 43000 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Dec 27, 2025 06:57 am IST,  Updated : Dec 27, 2025 06:57 am IST

भारतीय रेलवे ने साल 2025 में यात्रियों की सुविधा के मामले में एक नया इतिहास रच दिया। त्योहारों, धार्मिक आयोजनों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को संभालने के लिए रेलवे ने रिकॉर्ड स्तर पर स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया।

रेलवे ने रचा इतिहास- India TV Hindi
रेलवे ने रचा इतिहास Image Source : CANVA

भारत में त्योहारों का मतलब सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों का एक जगह से दूसरी जगह सफर भी होता है। इस भारी भीड़ और बढ़ती मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने साल 2025 में ऐसा काम किया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड बन गया। रेलवे मंत्रालय के मुताबिक, 2025 में धार्मिक आयोजनों और पीक ट्रैवल सीजन के दौरान देशभर में 43 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गईं, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक सफर मिल सका।

रेलवे मंत्रालय ने कहा कि ये विशेष इंतजाम यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने और देश के अलग-अलग हिस्सों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। साल 2025 में स्पेशल ट्रेनों का संचालन पिछले वर्षों की तुलना में कहीं ज्यादा बड़े स्तर पर किया गया, जिसमें यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन पर खास फोकस रहा।

महाकुंभ 2025 बना सबसे बड़ा ऑपरेशन

2025 में रेलवे का सबसे बड़ा स्पेशल ट्रेन ऑपरेशन महाकुंभ के दौरान देखने को मिला। 13 जनवरी से 28 फरवरी के बीच आयोजित महाकुंभ के लिए रेलवे ने 17,340 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाईं। इन ट्रेनों के जरिए करोड़ों श्रद्धालुओं को प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई गई।

होली और गर्मी की छुट्टियों में भी राहत

होली 2025 के दौरान भी रेलवे ने खास तैयारी की। 1 मार्च से 22 मार्च के बीच 1,144 स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं, जो पिछले साल के मुकाबले लगभग दोगुनी थीं। इससे त्योहार के समय टिकट की किल्लत काफी हद तक कम हुई। वहीं, अप्रैल से जून 2025 तक चले समर सीजन में रेलवे ने 12,417 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स का संचालन किया, ताकि छुट्टियों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी न हो।

छठ पूजा में रिकॉर्ड बढ़ोतरी

छठ पूजा 2025 के दौरान भी रेलवे की तैयारियां खास रहीं। 1 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच 12,383 स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाई गईं, जो पिछले साल की तुलना में काफी ज्यादा थीं। इससे बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा