भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का बाजार तेजी से बदल रहा है और अब देश में बनी इलेक्ट्रिक कारें विदेशी सड़कों पर भी अपनी पहचान बना रही हैं। देश की सबसे बड़ी कार कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी ने एक्सपोर्ट के मामले में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने अगस्त 2025 में इलेक्ट्रिक गाड़ियों का निर्यात शुरू किया था और अक्टूबर 2026 तक 50,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें विदेश भेज चुकी है। खास बात यह है कि भारत से एक्सपोर्ट होने वाली इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों में कंपनी की हिस्सेदारी करीब 93 फीसदी रही है।
मारुति सुजुकी इंडिया ने गुरुवार को बताया कि अगस्त 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच उसकी इलेक्ट्रिक गाड़ियों का कुल निर्यात 50,000 यूनिट के पार पहुंच गया है। कंपनी के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान भारत से निर्यात हुई इलेक्ट्रिक पैसेंजर गाड़ियों में उसकी हिस्सेदारी करीब 93 फीसदी रही। यह आंकड़ा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कंपनी की मजबूत मौजूदगी को दिखाता है।
करीब 50 देशों में बिक रही e VITARA
कंपनी अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी e VITARA को करीब 50 देशों में एक्सपोर्ट कर रही है। इनमें ब्रिटेन, नॉर्वे, जर्मनी, जापान और स्विट्जरलैंड जैसे देश शामिल हैं। यूरोप कंपनी के लिए सबसे बड़ा निर्यात बाजार है। इस SUV का उत्पादन अगस्त 2025 में गुजरात के हंसलपुर प्लांट में शुरू हुआ था। कंपनी ने इसे दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में बिक्री के उद्देश्य से तैयार किया है।
गुजरात का प्लांट बना बड़ा एक्सपोर्ट हब
गुजरात स्थित हंसलपुर प्लांट सुजुकी की पहली ग्लोबल बैटरी इलेक्ट्रिक कार का विशेष मैन्युफैक्चरिंग सेंटर है। हाल ही में इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 10 लाख गाड़ियां कर दी गई है। इसके साथ ही यह एक ही स्थान पर इतनी क्षमता हासिल करने वाली सुजुकी की दुनिया की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट बन गई है।
25,288 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश
कंपनी के मुताबिक, हंसलपुर प्लांट में कुल 25,288.7 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है। यह प्लांट निर्यात के लिहाज से भी बेहद अहम है। वित्त वर्ष 2025-26 में मारुति सुजुकी की कुल विदेशी शिपमेंट में इस प्लांट का योगदान करीब आधा रहा। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हिसाशी ताकेउची के अनुसार, करीब 50 देशों में इलेक्ट्रिक कारें भेजना और भारत के EV एक्सपोर्ट में बड़ी हिस्सेदारी हासिल करना कंपनी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
यह भी पढ़ें- मारुति, टाटा, निसान की बिक्री में बंपर बढ़ोतरी, जानें सितंबर में किस कंपनी ने बेची सबसे ज्यादा गाड़ियां