1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Indian Railways: 12 हजार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, किस राज्य से कितनी चल रहीं; लिस्ट आ गई सामने

Indian Railways: 12 हजार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, किस राज्य से कितनी चल रहीं; लिस्ट आ गई सामने

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Oct 23, 2025 02:02 pm IST,  Updated : Oct 23, 2025 02:02 pm IST

फेस्टिव सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे ने इस साल भी रिकॉर्ड संख्या में फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलायी हैं। रेल मंत्रालय की ताजा जानकारी के अनुसार, देशभर में कुल 12 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं।

12,000 से ज्यादा फेस्टिवल...- India TV Hindi
12,000 से ज्यादा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन Image Source : CANVA

फेस्टिव सीजन में यात्रियों की भीड़ और टिकट की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने 12 हजार ट्रेनें चलाने का बड़ा कदम उठाया। रेल मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि देशभर में कुल 12,075 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं, जो यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कर रही हैं। इस कदम से त्योहारों के समय लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिली है।

रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि हर राज्य में कितनी ट्रेनें संचालित हो रही हैं। उदाहरण के तौर पर बिहार में सबसे ज्यादा 2220 ट्रेनें, इसके बाद महाराष्ट्र में 2190 ट्रेनें चल रही हैं। वहीं दिल्ली से 1098 ट्रेनें, उत्तर प्रदेश से 1170 ट्रेनें और राजस्थान से 961 ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि उत्तर और पश्चिमी भारत में त्योहारों के समय यात्रियों की भारी मांग को पूरा करने के लिए रेलवे ने विशेष प्रबंध किए हैं।

पूर्वी और दक्षिणी राज्यों के लिए ट्रेनें

पूर्वी और दक्षिणी राज्यों की बात करें तो केरल में 257, तमिलनाडु में 281, आंध्र प्रदेश में 382 और कर्नाटक में 528 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चल रही हैं। वहीं गुजरात में 839, पश्चिम बंगाल में 355 और झारखंड में 244 ट्रेनें यात्रियों को जोड़ रही हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनें संचालित की हैं, जैसे असम 80, त्रिपुरा 90, अरुणाचल प्रदेश 16 ट्रेनें।

सुरक्षा और सुविधा का खास ध्यान

रेल मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन के दौरान सुरक्षा और सुविधा का खास ध्यान रखा गया है। यात्रियों के लिए एक्स्ट्रा टिकट काउंटर, वेटिंग हॉल और सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन सभी व्यवस्थाओं के साथ रेलवे यह सुनिश्चित कर रहा है कि त्योहारी सीजन में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोग किसी परेशानी का सामना न करें। इस साल फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन 12 हजार से ज्यादा ट्रेनें देशभर में कर रही हैं, जो यात्रियों के लिए किसी बड़ी राहत के रूप में सामने आई है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के इस मौसम में यह कदम यात्रा की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए बेहद अहम है।

राज्यवार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

राज्य ट्रेनों की संख्या
बिहार 2220
केरल 257
मध्य प्रदेश 150
आंध्र प्रदेश 382
महाराष्ट्र 2190
अरुणाचल प्रदेश 16
ओडिशा 139
असम 80
पंजाब 59
चंडीगढ़ 30
राजस्थान 961
छत्तीसगढ़ 60
तमिलनाडु 281
दिल्ली 1098
तेलंगाना 307
गोवा 61
त्रिपुरा 90
गुजरात 893
उत्तर प्रदेश 1170
हरियाणा 344
उत्तराखंड 115
जम्मू और कश्मीर 99
झारखंड 244
पश्चिम बंगाल 355
कर्नाटक 528
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा