1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Railway इस साल दिवाली-छठ के लिए 7,000 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फैसला

Railway इस साल दिवाली-छठ के लिए 7,000 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा, यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए फैसला

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Oct 24, 2024 05:21 pm IST,  Updated : Oct 24, 2024 05:35 pm IST

उत्तर रेलवे इस त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में ट्रेन चलाएगा क्योंकि बड़ी संख्या में यात्री देश के पूर्वी भागों में आवाजाही करते हैं। उत्तर रेलवे ने हाल ही में एक बयान में कहा कि वह लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करने के लिए विशेष ट्रेन के लगभग 3,050 फेरे संचालित करेगा।

स्पेशल ट्रेन के अलावा, अधिक यात्रियों को एडजस्ट करने के लिए ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच भी जोड़े जा रहे - India TV Hindi
स्पेशल ट्रेन के अलावा, अधिक यात्रियों को एडजस्ट करने के लिए ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच भी जोड़े जा रहे हैं। Image Source : PIXABAY

दिवाली और छठ पूजा के दौरान त्योहारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला किया है। भारतीय रेल इस साल दिवाली और छठ पूजा के लिए 7,000 विशेष ट्रेन चलाएगा, जिससे हर रोज दो लाख अतिरिक्त यात्रियों को सुविधा मिलेगी। रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गरुवार को यह जानकारी दी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पिछले साल दिवाली और छठ पूजा के दौरान त्योहारी भीड़ को देखते हुए 4,500 विशेष ट्रेन चलाई गई थीं। पीटीआई की खबर के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंत्रालय ने इस साल सेवाओं को बढ़ाने का फैसला किया है।

ट्रेन के 3,050 फेरे संचालित किए जाएंगे

खबर के मुताबिक, उत्तर रेलवे इस त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में ट्रेन चलाएगा क्योंकि बड़ी संख्या में यात्री देश के पूर्वी भागों में आवाजाही करते हैं। उत्तर रेलवे ने हाल ही में एक बयान में कहा कि वह लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने में मदद करने के लिए विशेष ट्रेन के लगभग 3,050 फेरे संचालित करेगा। इसमें कहा गया है कि साल 2023 में भारतीय रेल ने विशेष त्योहार ट्रेन चलाईं, जिसमें उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेन के 1,082 फेरे संचालित किए। इस साल ट्रेन के 3,050 फेरे संचालित किए जाएंगे, जो 181 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। स्पेशल ट्रेन के अलावा, अधिक यात्रियों को एडजस्ट करने के लिए ट्रेन में एक्स्ट्रा कोच भी जोड़े जा रहे हैं।

बेंगलुरु और कलबुर्गी स्टेशन के बीच विशेष ट्रेन

दक्षिण पश्चिम रेलवे ने दीपावली त्योहार के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बेंगलुरु और कलबुर्गी स्टेशन के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। बेंगलुरु-कलबुर्गी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 30 अक्टूबर और नौ नवंबर को रात सवा नौ बजे बेंगलुरु के सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल से रवाना होगी और येलहंका, धर्मावरम, अनंतपुर, गुंतकल, अडोनी, मंत्रालयम रोड, रायचूर, कृष्णा, यादगीर और शाहाबाद स्टेशन होते हुए अगले दिन सुबह 7:40 बजे कलबुर्गी पहुंचेगी। वापसी में यह कलबुर्गी-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन 31 अक्टूबर और तीन नवंबर को दोनों दिन सुबह 9:35 बजे कलबुर्गी से रवाना होगी और उसी दिन उसी मार्ग से होते हुए रात आठ बजे एसएमवीटी बेंगलुरु पहुंचेगी।

(अनामिका गौड़ की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा