1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, राहुल भाटिया ने लिया अंतरिम चार्ज

IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, राहुल भाटिया ने लिया अंतरिम चार्ज

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Mar 10, 2026 06:16 pm IST,  Updated : Mar 10, 2026 06:41 pm IST

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

IndiGo, IndiGo CEO Pieter Elbers, IndiGo CEO Pieter Elbers resigns, IndiGo CEO- India TV Hindi
IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा Image Source : INDIGO

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इंडिगो की पैरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने मंगलवार को पीटर एल्बर्स के इस्तीफे की जानकारी दी। बताते चलें कि इंडिगो को पिछले साल दिसंबर में हजारों फ्लाइट्स कैंसिल करनी पड़ी थी। इंटरग्लोब एविएशन ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि पीटर एल्बर्स 10 मार्च को अपनी शिफ्ट पूरी करने के साथ ही अपनी सेवाओं से मुक्त हो जाएंगे। कंपनी ने बताया कि पीटर एल्बर्स के इस्तीफे के बाद इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया ने उनकी जगह अंतरिम चार्ज ले लिया है।

इंडिगो ने दिसंबर में कैंसिल की थी कुल 5689 फ्लाइट्स

नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहल ने जनवरी में लोकसभा को बताया था कि इंडिगो ने दिसंबर में 5689 फ्लाइट्स कैंसिल की थी, जिसकी वजह से 9,02,384 यात्री प्रभावित हुए थे। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी ने 2 से 10 दिसंबर के बीच सिर्फ 9 दिनों में ही 5000 से ज्यादा फ्लाइट्स को कैंसिल किया था, इसके अलावा बेहिसाब फ्लाइट्स लेट भी हुई थीं। ये सभी उड़ानें फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों में बदलाव के बाद पायलट और क्रू रोस्टर की खराब प्लानिंग की वजह से कैंसिल करनी पड़ी थीं, जिसका खामियाजा इंडियो के यात्रियों को भुगतना पड़ा था। 

डीजीसीए ने नोटिस में पीटर एल्बर्स को ड्यूटी निभाने में बताया था नाकाम

ये इंडिगो के अभी तक के कार्यकाल का सबसे बुरा दौर था। डीजीसीए ने हजारों की संख्या में फ्लाइट्स कैंसिल होने के बाद इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स को नोटिस भेजा था, जिसमें कहा गया था, "CEO के तौर पर, आप एयरलाइन के असरदार मैनेजमेंट को पक्का करने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप भरोसेमंद ऑपरेशन करने और यात्रियों को जरूरी सुविधाएं देने के लिए समय पर इंतजाम करने में अपनी ड्यूटी निभाने में नाकाम रहे हैं।"

कौन हैं राहुल भाटिया

राहुल भाटिया, इंडिगो के को-फाउंडर और मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उन्होंने साल 2006 में अरबपति राकेश गंगवाल के साथ मिलकर इंडिगो की शुरुआत की थी। फोर्ब्स के मुताबिक, पीटर एल्बर्स की जगह अंतरिम चार्ज लेने वाले राहुल भाटिया की मौजूदा नेट वर्थ 6.5 बिलियन डॉलर है और वे आज की तारीख में दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में 602वें स्थान पर हैं। राहुल भाटिया, इंडिगो के मैनेजिंग डायरेक्टर होने के साथ-साथ कंपनी के प्रमोटर भी हैं। राहुल भाटिया की सबसे बड़ी संपत्ति, कंपनी में उनकी हिस्सेदारी की बदौलत है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा