1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत की इंडस्ट्री ने पकड़ी रफ्तार! जुलाई में औद्योगिक उत्पादन 6.7% बढ़ा, मैन्युफैक्चरिंग में 7.3% की जोरदार ग्रोथ

भारत की इंडस्ट्री ने पकड़ी रफ्तार! जुलाई में औद्योगिक उत्पादन 6.7% बढ़ा, मैन्युफैक्चरिंग में 7.3% की जोरदार ग्रोथ

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Aug 28, 2026 04:41 pm IST,  Updated : Aug 28, 2026 04:41 pm IST

भारत के औद्योगिक क्षेत्र ने जुलाई में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन किया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में देश का औद्योगिक उत्पादन 6.7 फीसदी बढ़ा। मैन्युफैक्चरिंग और बिजली क्षेत्र की तेज ग्रोथ ने इंडस्ट्री को मजबूती दी।

जुलाई में इंडस्ट्रियल...- India TV Hindi
जुलाई में इंडस्ट्रियल प्रोडक्शन 6.7% बढ़ा Image Source : CANVA

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए जुलाई का महीना अच्छी खबर लेकर आया है। देश के औद्योगिक क्षेत्र ने मजबूत प्रदर्शन किया है और फैक्ट्रियों में उत्पादन की रफ्तार बढ़ी है। सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई 2026 में भारत का औद्योगिक उत्पादन सालाना आधार पर 6.7 फीसदी बढ़ा। इस ग्रोथ में मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का बड़ा योगदान रहा।

मिनिस्ट्री ऑफ स्टेटिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इम्प्लीमेंटेशन (MoSPI) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) 124.8 रहा, जबकि जुलाई 2025 में यह 117.0 था। हालांकि, जून 2026 में दर्ज 7.3 फीसदी की ग्रोथ के मुकाबले जुलाई की वृद्धि थोड़ी कम रही।

मैन्युफैक्चरिंग ने दिखाया दम

औद्योगिक उत्पादन में सबसे अहम भूमिका मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की रही। जुलाई में इसमें 7.3 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। खास बात यह है कि 23 प्रमुख औद्योगिक समूहों में से 19 में पिछले साल की तुलना में उत्पादन बढ़ा। ऑटो सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन किया। मोटर व्हीकल, ट्रेलर और सेमी-ट्रेलर के उत्पादन में 22.2 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। वहीं, इलेक्ट्रिकल उपकरणों का उत्पादन 28.3 फीसदी और मशीनरी एवं उपकरण निर्माण में 12.1 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई।

बिजली और गैस उत्पादन भी बढ़ा

जुलाई में बिजली और गैस आपूर्ति से जुड़े क्षेत्र का उत्पादन 8.7 फीसदी बढ़ा। पानी की सप्लाई, सीवरेज और वेस्ट मैनेजमेंट में भी 7.4 फीसदी की वृद्धि हुई। हालांकि, माइनिंग और क्वॉरिंग सेक्टर में 0.9 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

कैपिटल गुड्स में 16.1% की ग्रोथ

इंडस्ट्री में निवेश से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी जुलाई का आंकड़ा मजबूत रहा। कैपिटल गुड्स का उत्पादन 16.1 फीसदी बढ़ा, जबकि इंटरमीडिएट गुड्स में 10 फीसदी की वृद्धि हुई। इंफ्रास्ट्रक्चर और कंस्ट्रक्शन गुड्स 6.9 फीसदी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 10.5 फीसदी बढ़े। हालांकि, कंज्यूमर नॉन-ड्यूरेबल्स के उत्पादन में 1 फीसदी की गिरावट रही।

आगे भी आंकड़ों पर रहेगी नजर

MoSPI ने बताया कि जुलाई के आंकड़े फिलहाल त्वरित अनुमान हैं और अलग-अलग सोर्स से ज्यादा जानकारी मिलने के बाद इनमें संशोधन किया जा सकता है। अगस्त 2026 के औद्योगिक उत्पादन के आंकड़े 28 सितंबर को जारी किए जाएंगे।

इनपुट- ANI

यह भी पढ़ें- कच्चा तेल महंगा और रुपया कमजोर! भारत में बढ़ सकती है महंगाई, आम लोगों की जेब पर पड़ेगा असर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा