जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFS) इस साल जनरल इंश्योरेंस और लाइफ इंश्योरेंस सेक्टर में बिजनेस शुरू करने की योजना बना रही है। कंपनी के टॉप अधिकारी ने ये जानकारी दी। कंपनी की बिना गारंटी वाले लोन और टिकाऊ उपभोक्ता सामान (टीवी, फ्रिज आदि) के लिए लोन मार्केट में तत्काल उतरने की कोई योजना नहीं है। कंपनी के सीईओ और एमडी हितेश सेठिया ने कहा, ''हम 2026 में इंश्योरेंस बिजनेस शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं, बशर्ते कि सभी नियामकीय मंजूरियां मिल जाएं।''
आलियांज के साथ मिलकर इंश्योरेंस सेक्टर में उतरेगी कंपनी
हितेश सेठिया ने बताया कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज अपनी बराबर संयुक्त उद्यम साझेदार कंपनी आलियांज के साथ मिलकर जनरल इंश्योरेंस और लाइफ इंश्योरेंस बिजनेस में काम करेगी। सेठिया ने कहा कि इंश्योरेंस बिजनेस शुरू करने के लिए कंपनी जरूरी कर्मचारियों की भर्ती और टीम तैयार करने पर काम कर रही है। बताते चलें कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज ने अभी हाल ही में री-इंश्योरेंस के बिजनेस में कदम रखा है और अब ये अपने बराबर के जॉइंट वेंचर पार्टनर Allianz के साथ मिलकर, जनरल और लाइफ इंश्योरेंस के कारोबार के लिए भी इस फ्रांसीसी कंपनी के साथ पार्टनरशिप करेगी।
2023 में रिलायंस से अलग हो गई थी कंपनी
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज को भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी से जुड़ी कंपनियों का समर्थन प्राप्त है। कंपनी ने खुद या साझेदारी के जरिए होम बायर्स की मदद करना, एसेट मैनेजमेंट, वेल्थ मैनेजमेंट और री-इंश्योरेंस जैसे लेंडिंग बिजनेस में कदम रखा है। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज का ही एक हिस्सा थी। लेकिन, साल 2023 में ये दोनों कंपनियां डीमर्ज हो गई थीं और अपना-अपना बिजनेस अलग कर लिया था।
शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे कंपनी के शेयर
शुक्रवार को बीएसई पर कंपनी के शेयर 2.06% (4.90 रुपये) की गिरावट के साथ 232.45 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। कंपनी के शेयर अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों का 52 वीक हाई 338.45 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 200.15 रुपये है। बीएसई पर उपलब्ध डेटा के मुताबिक, कंपनी के शेयरों में पिछले 1 महीने में 8.97 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 1,47,678.78 करोड़ रुपये है।