1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. LPG Cylinder Shortage: रिलायंस ने जामनगर रिफाइनरी में बढ़ाया LPG का उत्पादन, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कमी नहीं

LPG Cylinder Shortage: रिलायंस ने जामनगर रिफाइनरी में बढ़ाया LPG का उत्पादन, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कमी नहीं

 Updated : Mar 10, 2026 11:41 pm IST

मिडिल ईस्ट के तनाव से भारत में इम्पोर्ट होने वाली गैस की सप्लाई पर असर देखा जा रहा है। इसका असर उपभोक्ताओं पर भी दिखने लगा है। कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की देश के कई इलाकों में कमी देखी जा रही है।

देश के कई इलाकों से सिलेंडर की कमी की शिकायत मिल रही है।- India TV Hindi
देश के कई इलाकों से सिलेंडर की कमी की शिकायत मिल रही है। Image Source : ANI

LPG Cylinder Shortage LIVE: पश्चिम एशिया में बढ़ते झगड़े की वजह से इम्पोर्टेड गैस सप्लाई में रुकावटों के बीच, सप्लाई की समस्या अब देश में भी महसूस होने लगी है। देश के कई हिस्सों में कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत सामने आ रही है, जिससे गैस एजेंसियों के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। सप्लाई में देरी और सीमित उपलब्धता के कारण कई जगहों पर सिलेंडर की डिलीवरी प्रभावित हो रही है। अगर स्थिति जल्द नहीं सुधरी तो होटल-रेस्टोरेंट संचालन और फूड बिजनेस पर भी इसका असर पड़ सकता है। इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने देश में बनने वाली नैचुरल गैस को देने के प्रायोरिटी ऑर्डर में बदलाव किया है, जिसमें LPG प्रोडक्शन को CNG और पाइप्ड कुकिंग गैस के साथ सबसे ऊपर रखा गया है।

 

 

LPG Cylinder Shortage Highlights

Auto Refresh
Refresh
  • 11:40 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    होटल-रेस्टॉरेंट के लिए LPG सप्लाई पर सरकार की खास नजर

    केंद्रीय एमएसएमई राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की किल्लत पर कहा, "हमारी सरकार 33 करोड़ घरों में LPG सप्लाई कर रही है, जो दुनिया की सबसे बड़ी सप्लाई चेन में से एक है। हमारी पहली प्राथमिकता घरों में गैस सप्लाई करना है। दूसरी प्राथमिकता हॉस्पिटल और कॉलेज में गैस सप्लाई करना है। होटलों में वर्कर होते हैं और कई लोग भी होटल के खाने पर निर्भर होते हैं। इसलिए, हम इस सेक्टर पर भी खास ध्यान देंगे। इस मामले को देखने के लिए पेट्रोलियम मंत्री ने 3 सदस्यों की कमेटी बनाई है, जो खास तौर पर कमर्शियल LPG सप्लाई चेन को देखेगी।''

  • 11:32 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    हैदराबाद में कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित

    कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरों पर शाह गौस होटल के मालिक मोहम्मद रब्बानी ने कहा, "हैदराबाद में गैस की बहुत दिक्कतें हैं। गैस सप्लाई में लगभग रुकावट आ गई है। इस वजह से असर पड़ा है और खाना बनाने में बहुत दिक्कत हो रही है। आज वे कह रहे हैं कि कल से गैस सप्लाई करना मुश्किल होगा। मैं राज्य सरकार और केंद्र सरकार से रिक्वेस्ट करना चाहता हूं कि वे हमें गैस की सप्लाई करें। अगर गैस सप्लाई नहीं मिलती है तो हमारा बिजनेस बंद हो जाएगा। गैस की तंगी की वजह से बहुत से लोगों को दिक्कतें आ रही हैं। स्विगी और जोमैटो के राइडर भी बहुत लाचार हैं; इन दिनों उन्हें भी बहुत दिक्कतें आ रही हैं।"

  • 10:23 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    KG-D6 बेसिन से निकलने वाली प्राकृतिक गैस का प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा आवंटन

    रिलायंस ने कहा कि KG-D6 बेसिन से निकलने वाली प्राकृतिक गैस को भी सरकारी प्राथमिकताओं के आधार पर उन सेक्टरों के लिए भेजा जाएगा, जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। रिलायंस ने कहा कि वो भारत सरकार के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे और सभी गाइडलाइंस और ईंधन की आपूर्ति उन जगहों और सेक्टरों तक पहुंच सके, जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है।

  • 10:23 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    रिलायंस ने जामनगर रिफाइनरी में बढ़ाया LPG का उत्पादन

    सरकार की गाइडलाइंस को ध्यान में रखते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपनी रिफाइनरी से LPG का उत्पादन बढ़ा दिया है। कंपनी ने मंगलवार को एक प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा कि वो गुजरात के जामनगर स्थित अपने रिफाइनिंग और पेट्रोकेमिकल्स कॉम्प्लेक्स से LPG प्रोडक्शन को ज्यादा से ज्यादा करने के लिए सरकार की गाइडलाइंस के हिसाब से सभी जरूरी कदम उठा रही है।

  • 5:48 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    सबसे पहले LPG, CNG, PNG की जरूरतें होंगी पूरी

    पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से आयातित गैस आपूर्ति बाधित होने के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के आवंटन की प्राथमिकता सूची संशोधित कर दी है। नई व्यवस्था में LPG उत्पादन को CNG और PNG (पाइप लाइन के जरिए दी जाने वाली रसोई गैस) के साथ शीर्ष प्राथमिकता दी गई है।

    सरकार की तरफ से जारी गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरतें पहले पूरी की जाएंगी और उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। संशोधित व्यवस्था के तहत पीएनजी, सीएनजी और एलपीजी उत्पादन को प्राथमिकता श्रेणी में सबसे ऊपर रखा गया है। 

  • 5:36 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    एलपीजी उत्पादन, सीएनजी, पाइप वाली रसोई गैस को आवंटन में मिली शीर्ष प्राथमिकता

    पश्चिम एशिया में जारी तनाव की वजह से आयातित गैस आपूर्ति बाधित होने के बीच केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस के आवंटन की प्राथमिकता सूची संशोधित कर दी है। नई व्यवस्था में एलपीजी उत्पादन को सीएनजी और पाइप से मिलने वाली रसोई गैस के साथ शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। सरकार की तरफ से जारी गजट अधिसूचना के मुताबिक, इन क्षेत्रों की जरूरतें पहले पूरी की जाएंगी और उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। 

  • 4:30 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    देश में LPG का प्रोडक्शन 10 प्रतिशत बढ़ा

    सरकार ने कहा कि देश में LPG का प्रोडक्शन 10 प्रतिशत बढ़ा दिया गया है। सरकार ने बताया कि देश की सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता के साथ गैस का उत्पादन कर रही हैं। इसके साथ ही, सरकार ने देश में एलपीजी गैस की कमी से जुड़ी चिंताओं को भी खारिज कर दिया।

  • 3:45 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    मंत्रालय ने कंपनियों के लिए जारी किए निर्देश

    ईंधन की सप्लाई में मौजूदा भू-राजनीतिक रुकावटों और LPG की सप्लाई में बाधा को देखते हुए पेट्रोलियम मंत्रालय ने ऑयल रिफाइनरियों को ज्यादा LPG प्रोडक्शन करने के निर्देश दिए हैं। मंत्रालय ने कंपनियों से कहा है कि इस अतिरिक्त प्रोडक्शन का इस्तेमाल घरेलू LPG सिलेंडरों के लिए किया जाएगा।

  • 3:29 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    बेंगलुरु में कमर्शियल LPG सिलेंडर की किल्लत पर मंत्री का बयान

    कमर्शियल LPG सिलेंडर की कमी की खबरों पर कर्नाटक के मंत्री संतोष लाड ने बयान दिया है। उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने कहा है कि हमारे पास कम से कम 12 से 16 हफ्तों का स्टॉक है। हम जानते हैं कि ये एक अंतरराष्ट्रीय मुद्दा है। एक देश के तौर पर, उन्हें इसका हल निकालना होगा। मुझे नहीं पता कि भारत सरकार के पास क्या प्लान है।”

  • 3:27 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    दिल्ली में आज रात से कई होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में खत्म हो जाएगी एलपीजी गैस

    दिल्ली में आज रात से कई होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों में एलपीजी खत्म हो जाएगी। इस बार गैस किल्लत की वजह से होटल इंडस्ट्री पर गहरा संकट मंडरा रहा है। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कहा कि उन्हें दो दिन से एलपीजी की सप्लाई नहीं मिल रही है, जिसके चलते पूरे भारत में 80% होटल इंडस्ट्री संकट में आ गई है। प्रभावित होने वाले व्यापारों में होटल, रेस्टोरेंट, क्लाउड किचन भी हैं, जो ऑनलाइन डिलीवरी में भी शामिल हैं।

    दिल्ली में कई होटलों के पास सिर्फ आज रात तक का ही एलपीजी स्टॉक बचा हुआ है और 70% होटल और रेस्टोरेंट में अब सिर्फ दो दिन का ही बैकअप बचा है। इंडस्ट्री ने सरकार से मांग की है कि उन्हें एसेंशियल कमोडिटी में डाला जाए ताकि उन्हें भी लोगों तक अपनी सर्विस पहुंचाने का मौका मिल सके, क्योंकि भारत में दो से तीन प्रतिशत लोग ऑनलाइन फूड पर ही निर्भर हैं।

  • 3:22 PM (IST)
    Posted by Sunil Chaurasia

    नागपुर प्रशासन की अपील

    नागपुर प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे पैनिक मोड में न जाएं। नागपुर के कलेक्टर एवं महानगरपालिका के कमिश्नर डॉक्टर विपिन इटनकर ने कहा कि नागपुर में पर्याप्त मात्रा में है घरेलू सिलेंडर, कमर्शियल सिलेंडर और पेट्रोल उपलब्ध है। उनका कहना है कि शहर में जितनी सप्लाई आ रहा है, उतनी सप्लाई की जा रही है और जितना डिस्ट्रीब्यूशन होना है, उतना हो रहा है। नागपुर में घरेलू सिलेंडर, कमर्शियल सिलेंडर और पेट्रोल की आपूर्ति पर फिलहाल कोई असर नहीं है।

    जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले दो दिनों से मीडिया में खबरें चल रही हैं कि शॉर्टेज है, लेकिन अभी तक नागपुर में शॉर्टेज नहीं है। कमर्शियल सिलेंडर पर अभी तक तो कोई फैसला नहीं लिया है, जो सप्लाई चल रहा है वह चल रही है। अगर ऊपर से भी कोई डायरेक्शन आएंगे तो उसकी इंप्लीमेंटेशन करेंगे। आज के समय में कमर्शियल सिलेंडर पर कोई कटौती भी नहीं की जा रही। 

  • 3:01 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    दिल्ली में होटल-रेस्टोरेंट के लिए एलपीजी गैस बनी चुनौती

    नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वीपी जोरावर कालरा ने कहा कि दिल्ली में आज रात से कई होटल रेस्टोरेंट और ढाबों में एलपीजी गैस खत्म हो जाएगी।

  • 2:59 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    BPCL ने उठाया है ये कदम

    ग्लोबल फ्यूल सप्लाई पर असर डालने वाली मौजूदा जियोपॉलिटिकल दिक्कतों को देखते हुए, भारत पेट्रोलियम की तरफ से LPG प्रोडक्शन बढ़ाने और घरेलू कंज्यूमर्स और हॉस्पिटल और एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन जैसे जरूरी नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर्स के लिए इसकी अवेलेबिलिटी को प्रायोरिटी देने के लिए कदम उठाए गए हैं। दूसरे नॉन-डोमेस्टिक सेक्टर्स से रिक्वेस्ट्स को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर्स की एक कमिटी रिव्यू करेगी और मेरिट, ज़रूरत और प्रोडक्ट अवेलेबिलिटी के आधार पर प्रायोरिटी देगी।

    दूसरे सेक्टर्स से अहम जरूरतों के लिए, कमिटी को इस पर ईमेल करके सबमिशन किया जा सकता है:
    edlpg@bharatpetroleum.in
    indanecareho@indianoil.in
    lpg.sbu.head@hpcl.in

     

  • 2:34 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    हरदीप सिंह पुरी पीएम मोदी से मिलने पहुंचे

    पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने पहुंचे हैं।

  • 2:31 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    गुजरात सरकार ने गैस आपूर्ति में 50% तक कटौती की

    गुजरात सरकार ने घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को होने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी है। गुजरात के ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मंगलवार को विधानसभा सत्र से पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी घर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी न हो। उन्होंने कहा कि गैस की घरेलू खपत को प्राथमिकता देने के लिए कुछ औद्योगिक उपयोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं। 

  • 2:01 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    मुंबई में 50% से ज्यादा होटल हो सकते हैं बंद

    देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल इंडस्ट्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विजय शेट्टी, जो आहार होटल ओनर्स एसोसिएशन ऑफ मुंबई के प्रेसिडेंट हैं, उन्होंने कहा कि पिछले दो-तीन दिनों से गैस सिलेंडर की सप्लाई लगभग ठप हो गई है। उन्होंने बताया कि गैस की कमी के कारण करीब 20 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं, और अगर यही स्थिति जारी रही तो अगले दो-तीन दिनों में 50 प्रतिशत से ज्यादा होटल बंद करने की नौबत आ सकती है।

  • 1:59 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    महाराष्ट्र LPG डीलर्स एसोसिएशन ने कहा-घरेलू LPG सिलेंडर की सप्लाई में कोई कमी नहीं

    महाराष्ट्र LPG डीलर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट दीपक सिंह ने कहा कि घरेलू LPG सिलेंडर की सप्लाई में कोई कमी नहीं है, बस हम केंद्र सरकार की गाइडलाइंस मान रहे हैं कि 2 सिलेंडर के बीच 25 दिन का बुकिंग पीरियड है। दिक्कत कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई में है, लेकिन वे भी कम संख्या में मिल रहे हैं। हम कमर्शियल सिलेंडर के लिए भी केंद्र सरकार की गाइडलाइंस मान रहे हैं और अभी एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन, हॉस्पिटल और डिफेंस जगहों वगैरह को सप्लाई को प्रायोरिटी दे रहे हैं, लेकिन दूसरों को भी कमर्शियल सिलेंडर मिल रहे हैं, हालांकि सप्लाई की कमी के कारण थोड़ी देरी हो रही है।

  • 1:41 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    हरियाणा सरकार रख रही कड़ी नजर

    हरियाणा के खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि केंद्र की गाइडलाइन आई है कि कुछ दिन के लिए कमर्शियल सिलेंडर पर रोक लगा दी जाए। 21 और 25 दिन के बीच सिलेंडर बुकिंग करवाने को लेकर भी एडवाइजरी आई है। उन्होंने कहा कि आज शाम को खाद्य आपूर्ति डिपार्टमेंट के एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी ने सभी तेल कंपनियों के साथ बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने LPG की उपलब्धता को लेकर डाटा मांगा है। खाद्य आपूर्ति डिपार्टमेंट की ओर से इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड को पत्र लिखा गया। हरियाणा में गैस की कोई कालाबाज़ारी न हो हमारे अधिकारी मुख्यमंत्री और हम नज़र बनाए हुए हैं। हमने प्रदेश के सभी डिप्टी कमिश्नर और सभी DFC को निर्देश दिए हैं कि डे टू डे गैस सिलेंडरों को लेकर हमें रिपोर्टिंग करें।

  • 1:37 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    लखनऊ में फिलहाल गैस सिलेंडर की कमी नहीं

    खबर के मुताबिक, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गैस सप्लाई करने वालों का कहना है कि गैस सिलेंडर थोड़े कम ज़रूर आ रहे हैं लेकिन कोई दिक्कत नही है।

  • 1:34 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    कर्नाटक में रेस्टॉरेंट-होटल के बंद होने की आशंका

    एक मीडियम रेंज के रेस्टोरेंट को रोज कम से कम 6 कमर्शियल LPG की जरूरत पड़ती है। अधिकांश रेस्टोरेंट एक दिन का एक्स्ट्रा स्टॉक लेकर  चलते हैं, मतलब ये कि मीडियम स्केल के रेस्टोरेंट में 12 कमर्शियल LPG की सप्लाई होती है, रोज इनमें से 6 खाली होते हैं और रोज 6 की आपूर्ति होती है। इस तरह एक समय में इन रेस्टोरेंट के पास 12 सिलेंडर मौजूद रहता है। सोमवार को अचानक कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी गई जिससे रेस्टॉरेंट के मालिक परेशान हो गए, हालांकि आज भर का स्टॉक सभी के पास है लेकिन अगर आज भी सप्लाई नहीं हुई तो फिर दिक्कत शुरू हो जाएगी। बेंगलुरु महानगर सीमा के अंदर लकड़ी या चारकोल के इस्तेमाल पर पाबंदी है ऐसे में बेंगलुरु में मौजूद करीब 40 हज़ार छोटे मंझले और बड़े रेस्टॉरेंट को बंद करने के अलावा और कोई चारा नहीं बचेगा।

  • 1:20 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में किल्लत

    देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की भारी किल्लत सामने आ रही है, जिसके कारण हजारों होटल बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं। मुंबई में (आहार )होटल मालिक असोसिएशन के मुताबिक शहर में करीब 8,000 होटल इस संकट से प्रभावित हैं। संगठन का दावा है कि पहले ही लगभग 20 प्रतिशत होटल बंद हो चुके हैं, और अगर अगले दो से तीन दिनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो करीब 4,000 से 5,000 होटल और बंद हो सकते हैं।

  • 1:14 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    चंडीगढ़ ट्राईसिटी की सबसे बड़ी रेस्टोरेंट चेन ने भी जताई चिंता

    चंडीगढ़ ट्राईसिटी की सबसे बड़ी रेस्टोरेंट चेन सिंधी स्वीट्स के मालिक अभिषेक बजाज ने कहा कि हमारे यहां ट्राई सिटी में आउटलेट है वहां दिक्कत शुरू हो चुकी है। जहां-जहां पीएनजी लाइन है वहां दिक्कत अभी नहीं है लेकिन कब तक यहां  रेगुलर रहेगी, यह देखते हैं। लेकिन जो हमारे रेस्टोरेंट सिलेंडर पर निर्भर हैं वहां हमे दिक्कत शुरू हो गई है। अभी तो गैस एजेंसी की तरफ़ से हमे मना कर दिया गया है और साथ ही उन्होंने हमारे फोन भी उठाने बंद कर दिए हैं। अभी हम लोग जो बचे हुए सिलेंडर इधर-उधर हैं, उन्हें इधर उधर शिफ्ट कर रहे हैं लेकिन ये ज्यादा देर नहीं चलेगा दिक्कत शुरू हो चुकी है।

  • 12:55 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    कस्टमर ने बताई अपनी परेशानी

    दिल्ली में एजेंसी पर मौजूद एक कस्टमर ने कहा कि चूकि 25 दिन पूरे नहीं हुए हैं और 15 दिन में घर का सिलेंडर खत्म हो गया है इसलिए अब उन्हें दूसरा सिलेंडर नहीं मिल रहा है लोग परेशान हैं।

  • 12:54 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    छोटी गैस एजेंसीज में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं

    दिल्ली की छोटी गैस एजेंसीज में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई नहीं आ रही है, जिसकी वजह से जो आसपास के होटल रेस्टोरेंट है वहां सप्लाई दो दिन से नहीं हुई है। यहां तक की गैस एजेंसी के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। होटल ढाबा और अन्य कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई अब बंद हो गई है। घरेलू सिलेंडर भी 25 दिन पूरे होने के बाद ही मिलेगा।

    दिल्ली की एक गैस एजेंसी में चस्पा संदेश।
    Image Source : REPORTERदिल्ली की एक गैस एजेंसी में चस्पा संदेश।

  • 12:53 PM (IST)
    Posted by Sourabha Suman

    दिल्ली में गैस एजेंसी ओनर ने जताई परेशानी

    दिल्ली में एक गैस एजेंसी ओनर ने मंगलवार को कहा कि आगे से कमर्शियल गैस नहीं आ रहे हैं इसलिए हम भी सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं, पैनिक की स्थिति पैदा हो रही है, कुछ कस्टमर परेशान गैस एजेंसी में आए हुए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा